भोपाल के बड़वई में कबाड़ गोदाम बना आग का गोला, तीन दमकल गाड़ियां मौके पर

भोपाल: राजधानी भोपाल के करोंद के बड़वई इलाके में रविवार सुबह एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग सुबह करीब 9 बजे लगी। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पुट्ठा रखा हुआ था। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई। आग से उठता धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
तीन दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
आग लगने की जानकारी मिलते ही गांधीनगर, कबाड़खाना और आसपास के दूसरे इलाकों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। फायर फाइटर पंकज यादव समेत कई दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं। आग को फैलने से रोकने के लिए पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, आग काफी तेजी से फैल रही है, इसलिए दमकलकर्मियों को इसे बुझाने में परेशानी हो रही है।
आबादी से दूर है गोदाम, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
जानकारी के मुताबिक, जिस गोदाम में आग लगी है, वह गांव की आबादी से दूर स्थित है। ऐसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखा सामान जलने से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने और धुएं का गुबार उठता देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ग्रामीण आग बुझाने में दमकलकर्मियों की मदद भी कर रहे हैं। वहीं, आग से निकल रहे धुएं के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्लास्टिक और पुट्ठे की वजह से आग बुझाना मुश्किल
दमकलकर्मियों के अनुसार, गोदाम में कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा रखा हुआ है। ये सामान आग को तेजी से फैलाने का कारण बन रहा है। इसी वजह से आग पर काबू पाने में ज्यादा समय लग रहा है। दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए पानी के साथ फोम का इस्तेमाल कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। आग कैसे लगी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही मिल पाएगी।




















