कनाडा में अमेरिकी राजदूत पीट होकस्ट्रा को हटाने की मांग तेज, 2.8 लाख से अधिक लोगों ने किए हस्ताक्षर

ओटावा। कनाडा में अमेरिकी राजदूत पीट होकस्ट्रा के धमकाने वाले रवैये को लेकर उनके खिलाफ विरोध बढ़ता जा रहा है। 2,80,000 से ज्यादा कनाडाई नागरिकों ने प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की सरकार से उन्हें पद से हटाने की मांग की है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि होकस्ट्रा के बयानों और रवैये से अमेरिका-कनाडा के राजनयिक संबंधों को नुकसान पहुंचा है। साथ ही उन पर कनाडा के खिलाफ ट्रंप प्रशासन की धमकियों का समर्थन करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रीन पार्टी की सांसद एलिजाबेथ मे ने इस सप्ताह हाउस ऑफ कॉमन्स में यह याचिका पेश की। इसमें अमेरिकी राजदूत को पर्सोना नॉन ग्राटा यानी अवांछित व्यक्ति घोषित करने और कनाडा में उन्हें प्राप्त राजनयिक विशेषाधिकार समाप्त करने की मांग की गई है। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की सरकार को इस याचिका पर औपचारिक जवाब देने के लिए जनवरी तक का समय दिया गया है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप का कनाडा को झटका! ट्रेड डील टूटी, टैरिफ बढ़ा, 20 अरब डॉलर के सामान पर लगा 50% टैक्स
पीट होकेस्ट्रा के कुछ विवादित बयान
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने के सुझावों को होकस्ट्रा ने इसे "स्नेह का प्रतीक" (sign of affection) और "उदार प्रस्ताव" (generous offer) बताया।
- सवाल किया कि कनाडाई लोग इस प्रस्ताव से नाराज क्यों हैं।
- जून 2026 में उन्होंने कहा कि कनाडा के विलय का मुद्दा कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच "एक बेहतरीन चर्चा" (great discussion) हो सकता है।
- होकस्ट्रा ने ट्रंप के इन बयानों पर कनाडाई नागरिकों की नाराजगी को "भावनात्मक" और समझ से परे बताया था।
सरकार को 45 दिनों के भीतर देना होगा जवाब
कनाडा की संसदीय प्रक्रिया के अनुसार हाउस ऑफ कॉमन्स में प्रस्तुत किसी भी याचिका पर सरकार को 45 दिनों के भीतर जवाब देना अनिवार्य होता है। नागरिकों की ओर से शुरू की गई इस ऑनलाइन याचिका पर 18 नवंबर तक हस्ताक्षर किए जा सकते थे। इसमें पीट होकस्ट्रा पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने ट्रंप प्रशासन की उस विवादित धमकी को सामान्य बताने की कोशिश की जिसमें कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कही गई थी।
एलिजाबेथ मे ने पीट होकस्ट्रा को बताया सबसे गैर-राजनयिक राजदूत
संसद में याचिका पेश करते हुए ग्रीन पार्टी की सांसद एलिजाबेथ मे ने पीट होकस्ट्रा की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अमेरिकी राजदूत को सबसे गैर-राजनयिक राजनयिक बताते हुए कहा कि कनाडा के लोगों ने उनकी मौजूदगी के खिलाफ अपना विरोध स्पष्ट कर दिया है। मे के मुताबिक, ई-याचिका पर बड़ी संख्या में हस्ताक्षर इस बात का संकेत हैं कि कनाडाई नागरिक देश में पीट होकस्ट्रा की भूमिका से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी राजदूत ने कई बार कनाडाई नागरिकों के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। सांसद ने कहा कि 2,80,000 से अधिक लोगों ने सरकार से उन्हें आधिकारिक तौर पर अवांछित व्यक्ति घोषित करने और कनाडा में राजनयिक के रूप में काम करने के उनके अधिकार समाप्त करने की मांग की है।
पीट होकस्ट्रा का कार्यकाल लगातार विवादों में रहा
अमेरिकी राजदूत पीट होकस्ट्रा का कनाडा में कार्यकाल शुरुआत से ही विवादों से जुड़ा रहा है। मिशिगन से रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व सांसद और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक होकस्ट्रा ने अप्रैल 2025 में कनाडा में राजदूत के रूप में अपना कार्यभार संभाला था। इसके बाद से ही उन्हें कई मुद्दों पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। उनसे जुड़ा एक प्रमुख विवाद ओंटारियो प्रांत की सरकार द्वारा प्रसारित एक विज्ञापन को लेकर सामने आया था। इस विज्ञापन में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के कुछ पुराने बयान शामिल किए गए थे। इन बयानों में रीगन ने मुक्त व्यापार का समर्थन किया था और संरक्षणवादी व्यापार नीतियों की आलोचना की थी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस विज्ञापन से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाराज हो गए थे। इसके बाद उन्होंने कनाडा के साथ चल रही सभी व्यापार वार्ताएं रोक दी थीं। होकस्ट्रा पर यह आरोप भी लगाया गया कि उन्होंने इस विज्ञापन अभियान को लेकर ओंटारियो सरकार के एक अधिकारी की अभद्र भाषा में आलोचना की थी।
अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव बरकरार
पीट होकस्ट्रा को हटाने की मांग ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों पड़ोसी देश कई व्यापारिक मुद्दों को लेकर विवाद का सामना कर रहे हैं। हालांकि, मौजूदा तनाव के बीच प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि दोनों सरकारों के बीच बातचीत में कुछ प्रगति हुई है। इसके बावजूद अगस्त में दोनों देशों के बीच वार्ता विफल होने के बाद भी इसी तरह की सकारात्मक उम्मीदें जताई गई थीं। ऐसे में अमेरिकी राजदूत के खिलाफ उठी यह मांग दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के लिए एक नया विवाद बन गई है।




















