परिसीमन पर राहुल के विरोध में स्टालिन, कांग्रेस नेताओं के चेन्नई पहुंचने पर DMK ने कहा- ‘ये वही भाई हैं जिनकी पीठ में आपने छुरा घोंपा’

नेशनल डेस्क। लोकसभा परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन INDIA के भीतर मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन के बीच इस मुद्दे पर सियासी खींचतान तेज हो गई है। परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों के विरोध में डीएमके का समर्थन हासिल करने के लिए राहुल गांधी सहित विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई पहुंचे हैं। हालांकि, उनके दौरे से पहले ही डीएमके ने कांग्रेस नेतृत्व के रुख पर सवाल उठाते हुए कड़ा रुख अपना लिया है।
राहुल गांधी की स्टालिन से अपील, 850 सीटों के प्रस्ताव पर जताई चिंता
चेन्नई रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर एमके स्टालिन और डीएमके से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं थिरु एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं ताकि उनसे और डीएमके से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की जा सके।' राहुल गांधी ने लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 किए जाने के प्रस्ताव पर गंभीर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि इस बदलाव से देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर असर पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि, 'इससे भाजपा-RSS को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को फिर से तैयार करने की असीमित छूट मिल जाएगी।'
स्टालिन ने ‘भाई’ कहकर किया पलटवार
राहुल गांधी की अपील पर एमके स्टालिन ने भी सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया। उन्होंने राहुल को 'भाई' कहकर संबोधित किया, लेकिन परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके के रुख में किसी बदलाव के संकेत नहीं दिए। स्टालिन ने लिखा, 'संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए भाई राहुल गांधी का हार्दिक धन्यवाद। हमने हमेशा तमिलनाडु और हमारे तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए ही हर फैसला लिया है।'
ऐतिहासिक किरदारों का दिया उदाहरण
स्टालिन ने अपने जवाब में तमिलनाडु के इतिहास के दो चर्चित पात्रों राजा वीरपांडिया कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का उल्लेख किया। कट्टाबोम्मन को अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानी के रूप में याद किया जाता है, जबकि एट्टप्पन को गद्दारी के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है। स्टालिन ने अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा, 'हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे विश्वास है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में दर्ज करेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में।'
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने परिसीमन बिल पर बीजेपी को घेरा, 850 लोकसभा सीटों के प्रस्ताव को बताया लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा
राहुल की टिप्पणी से नाराज डीएमके, आईटी विंग ने भी साधा निशाना
स्टालिन के बयान के बाद डीएमके की आईटी विंग ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। पार्टी की आईटी विंग ने राहुल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'और यही वो भाई हैं जिनकी पीठ में आपने इतनी बेशर्मी से छुरा घोंपा है मिस्टर राहुल।' दरअसल, इससे पहले राहुल गांधी ने परिसीमन के मुद्दे पर अप्रत्यक्ष रूप से डीएमके की तुलना एट्टप्पन से की थी। इसी टिप्पणी को लेकर डीएमके में नाराजगी है। पार्टी के नेताओं का मानना है कि तमिलनाडु के हितों और राज्य के अधिकारों से जुड़े इस मुद्दे पर डीएमके के रुख को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की टिप्पणियां गठबंधन के रिश्तों को प्रभावित कर सकती हैं।
डीएमके प्रवक्ता ने भी जताई नाराजगी, कहा-अब बहुत देर हो चुकी है
डीएमके प्रवक्ता ने भी राहुल गांधी के चेन्नई आगमन पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका स्वागत किया, लेकिन साथ ही कांग्रेस नेतृत्व के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। प्रवक्ता ने कहा, 'चेन्नई में आपका स्वागत है सर। हमने आपसे बहुत बड़ी उम्मीदें लगाई थीं। जब हमारे नेता ने आपको अपना छोटा भाई कहा, तो आप हम सभी के भाई बन गए। DMK तमिलों और तमिलनाडु के कल्याण को सबसे ऊपर रखती है। क्या आपको नहीं लगता कि अब वक्त निकल चुका है?




















