गुरुग्राम को मिली 100 नई AC इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, सिर्फ 15 रुपये में कर सकेंगे सफर

गुरुग्राम में अब सार्वजनिक परिवहन से सफर करना पहले से ज्यादा आसान होने वाला है। शहर की सड़कों पर 100 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें उतर गई हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के शुरू होने से शहर के अलग-अलग इलाकों, मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक पहुंचना आसान होगा। खास बात यह है कि इन बसों का किराया 15 रुपये से 35 रुपये के बीच रखा गया है। मुख्यमंत्री ने सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के नए ई-बस डिपो का उद्घाटन भी किया। यहां से ही नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। शहर में बढ़ती आबादी और यातायात की जरूरतों को देखते हुए इस सुविधा को अहम कदम माना जा रहा है।
GMCBL के बेड़े में अब हुईं 250 बसें
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने के बाद GMCBL के पास कुल 250 बसें हो गई हैं। इससे पहले शहर में 150 सीएनजी बसें चल रही थीं। अब इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने से लोगों को सफर के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बसों से शहर की परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी. साथ ही प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को साफ रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक बसों का इस्तेमाल करें। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम करने और प्रदूषण घटाने में मदद मिल सकती है।
20 प्रमुख रूटों पर चलेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें
उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि गुरुग्राम की सड़कों और घनी आबादी वाले इलाकों को ध्यान में रखकर 9 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। ये बसें शहर के अलग-अलग हिस्सों को मेट्रो स्टेशनों और दूसरे जरूरी स्थानों से जोड़ेंगी। नई बसों के शुरू होने से मिलेनियम सिटी सेंटर, साइबर हब, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, द्वारका एक्सप्रेसवे और नए आवासीय सेक्टरों तक पहुंचना आसान होगा।
इन प्रमुख रूटों पर चलेंगी बसें:
- रूट 321: डूंडाहेड़ा से सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन.
- रूट 322: धनकोट से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन.
- रूट 323: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से थाना मोड़.
- रूट 324: बीपीटीपी सेक्टर-37डी से टाटा इंटेलियन पार्क सेक्टर-58.
- रूट 325: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन.
- रूट 326: राम मंदिर, पालम विहार से टाटा इंटेलियन पार्क.
- रूट 328: महावीर चौक से सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन.
- रूट 329: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से कंकरौला/भांगरौला गांव.
- रूट 330: महावीर चौक से वजीरपुर टी-पॉइंट. इस रूट पर 5 बसें चलेंगी.
- रूट 112: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से सेक्टर-55/56 मेट्रो स्टेशन. इस रूट पर 8 बसें चलेंगी.
- रूट 127: मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-4 से सिग्रम-10 तक.
बसों में मिलेंगी सुरक्षा और आराम की सुविधाएं
नई इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह एसी हैं और इनकी लंबाई 9 मीटर है. ये स्टैंडर्ड फ्लोर बसें हैं। इनमें चालक सहित कुल 27 सीटें दी गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई आधुनिक इंतजाम किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली से बिहार जाना हुआ आसान, 13 शहरों के लिए 18 रूट पर दौड़ेंगी सरकारी बसें
बसों में मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं:
- यात्रियों की निगरानी के लिए CCTV कैमरे.
- किसी आपात स्थिति में मदद के लिए पैनिक बटन.
- आग से बचाव के लिए फायर अलार्म सिस्टम.
- जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए इमरजेंसी हैमर.
- यात्रियों को जानकारी देने के लिए LED डिस्प्ले.
- जरूरी घोषणाओं के लिए PA सिस्टम.
- डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग की सुविधा.
- दिव्यांग यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म.
इन सुविधाओं से यात्रियों का सफर ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित बनाने की कोशिश की गई है.
नए ई-बस डिपो में एक साथ चार्ज होंगी 120 बसें
सेक्टर-48 में बनाए गए नए ई-बस डिपो में 24 चार्जिंग पॉइंट तैयार किए गए हैं। यहां एक साथ 120 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की क्षमता है। भविष्य में बसों की संख्या बढ़ने पर चार्जिंग की जरूरत को पूरा करने के लिए तीन और स्टेशन बनाने की योजना है। ये चार्जिंग स्टेशन सेक्टर-103, सेक्टर-65 और मानेसर क्षेत्र में बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इससे शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हरियाणा में बढ़ाई जाएंगी इलेक्ट्रिक बसें
गुरुग्राम का नया ई-बस डिपो हरियाणा का तीसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो है. फिलहाल प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 375 करना है। इसके अलावा सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में जल्द ही 450 नई मिनी बसें शुरू करने की भी योजना है। इस तरह गुरुग्राम में 100 नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कम किराये में एसी बसों की सुविधा मिलने से रोजाना नौकरी, पढ़ाई और दूसरे कामों के लिए सफर करने वाले लोगों को फायदा हो सकता है।




















