Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अब पेड़ों की छांव में जिंदा रहेंगे दादा सतीश राठौर, स्मृति में पौधारोपण कर संतों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सीहोर में सतीश राठौर दादा की स्मृति में सीहोर के श्रीराम गौशाला गोतीर्थ क्षेत्र और आश्रम परिसर में संतों, गौसेवकों एवं समाजजनों ने पौधे रोपकर श्रद्धांजलि दी और संरक्षण का संकल्प लिया।
अब पेड़ों की छांव में जिंदा रहेंगे दादा सतीश राठौर, स्मृति में पौधारोपण कर संतों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सीहोर। दादा सतीश राठौर की स्मृति में पौधरोपण किए गए।

सीहोर। शहर की सामाजिक और सार्वजनिक जिंदगी में अपनी सादगी, ईमानदारी और आत्मीय व्यवहार से अलग पहचान बनाने वाले सतीश राठौर दादा अब प्रकृति की हरियाली के बीच याद किए जाएंगे। उनकी पावन स्मृति में श्रीराम गौशाला गोतीर्थ क्षेत्र, श्री केदारनाथ महादेव मंदिर एवं श्री माधव महाकाल आरोग्य आश्रम परिसर में स्मृति वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संतों, गौसेवकों और समाजजनों ने पौधे रोपकर दादा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संकल्प लिया गया कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाएगा।

सामाजिक जीवन में अमिट छाप छोड़ गए दादा

सतीश राठौर दादा अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष रहे। वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और सीहोर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष बैनी प्रसाद राठौर के बड़े पुत्र थे। वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के बड़े पिताजी और विवेक राठौर के पिता होने के साथ ही उन्होंने अपने सामाजिक व्यवहार और व्यक्तित्व से व्यापक पहचान बनाई थी।

पौधारोपण कर यादों को दिया स्थायी स्वरूप

आश्रम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं, गौसेवकों और आश्रम परिवार के सदस्यों ने दादा के नाम पर पौधे रोपित किए। यह आयोजन महज औपचारिक वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व की स्मृतियों को प्रकृति के साथ जोड़ने का भावनात्मक प्रयास बना, जिन्होंने अपने सरल स्वभाव, सौम्यता और ईमानदार जीवनशैली से लोगों के दिलों में जगह बनाई।

/img/507/1795933980037

संतों ने दिया सेवा और संस्कारों को जीवित रखने का संदेश

कार्यक्रम में पूज्य गुरुदेव भगवान कटारे बाबा जी, कथा व्यास, परम गौभक्त एवं क्रांतिकारी राष्ट्रीय संत पंडित मोहितराम पाठक, सुनील कुमार शर्मा, अजीत शुक्ला, संजय राठौर, विष्णु सम्राट प्रजापति, राजू जायसवाल, सौरभ राठौर और पंडित ऋतिक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गौसेवक मौजूद रहे। इस अवसर पर पंडित मोहितराम पाठक ने भावपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि स्वर्गीय सतीश राठौर दादा अब वृक्षों के रूप में सदैव अपनों के बीच रहेंगे। उनके नाम पर लगाए गए पौधे उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाते रहेंगे। उपस्थित संतों और समाजजनों ने भी कहा कि मनुष्य अपने अच्छे कर्मों, संस्कारों और सेवा भावना से हमेशा लोगों के हृदय में जीवित रहता है।

ये भी पढ़ें: सीहोर के रिटायर्ड बैंक अधिकारी शशांक द्विवेदी ने लिया देहदान का संकल्प, मृत्यु के बाद भी करेंगे मानवता की सेवा

एक पौधा दादा के नाम, प्रकृति को प्रणाम

वृक्षारोपण के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि किसी प्रियजन की स्मृति को जीवंत रखने का सबसे सुंदर तरीका प्रकृति को संवारना है। आज लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में विशाल वृक्ष बनेंगे। उनकी छांव राहगीरों को राहत देगी, पक्षियों को आश्रय मिलेगा और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में योगदान मिलेगा।

केवल पौधे लगाना नहीं, उन्हें बचाना भी जिम्मेदारी

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। स्पष्ट संदेश दिया गया कि श्रद्धांजलि सिर्फ एक दिन के आयोजन और तस्वीरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पौधों को सींचना, उनकी सुरक्षा करना और उन्हें वृक्ष बनने तक संभालना ही इस आयोजन की वास्तविक सार्थकता होगी। दादा भले ही आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें अब इन पौधों की हर नई पत्ती और हर फैलती शाखा के साथ जीवित रहेंगी। उनका व्यक्तित्व, प्रेम और संस्कार प्रकृति की हरियाली के रूप में आने वाले वर्षों तक अपनों को उनकी मौजूदगी का एहसास कराते रहेंगे।

ये भी पढ़ें: नवोदय प्रवेश परीक्षा में केंद्रों को लेकर गफलत, एक स्कूल से दूसरे स्कूल भटकते रहे अभिभावक

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts