सीहोर: हुलिया बदला, हेयरस्टाइल बदली, फिर भी नहीं बचा अयान! सीहोर पहुंचते ही मंडी पुलिस ने दबोचा

सीहोर। लईक कुरैशी हत्याकांड में पुलिस ने आखिरकार फरारी के आखिरी किले को भी ढहा दिया। पहचान छिपाने के लिए हुलिया और हेयरस्टाइल तक बदल चुका मुख्य आरोपी अयान खान लंबे समय तक राज्य से बाहर फरारी काटने की तैयारी में था। पुलिस की लगातार दबिश से घबराकर वह छिपने के लिए नए ठिकाने तलाश रहा था, लेकिन आर्थिक इंतजाम और निजी काम के सिलसिले में जैसे ही सीहोर पहुंचा, पहले से सतर्क मंडी पुलिस की टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। इस गिरफ्तारी के साथ ही 25 नवंबर को हुए चर्चित लईक कुरैशी हत्याकांड के सभी पांचों नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
रिश्तेदारी की आड़ में लीक हो रही थी पुलिस की रणनीति, 5 मिनट पहले निकल जाते थे आरोपी
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपियों तक पुलिस की गतिविधियों की जानकारी पहुंचना था। पुलिस की जांच और दबिश के दौरान सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी रिश्तेदारी होने के कारण पुलिस की कार्रवाई की सूचनाएं आरोपियों तक पहुंच रही थीं। स्थिति यह थी कि पुलिस टीम किसी संदिग्ध ठिकाने पर दबिश देने के लिए रवाना होती और आरोपी को इसकी भनक लग जाती। नतीजा यह कि पुलिस के पहुंचने से महज पांच मिनट पहले ही आरोपी ठिकाना छोड़कर फरार हो जाते थे। लगातार दबिश के बावजूद आरोपियों का हाथ नहीं लगना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
सूचना लीक होने का रास्ता बंद किया, गोपनीय रणनीति से बिछाया जाल
लगातार मिल रही इस चुनौती को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और अपनी पूरी रणनीति बदल दी। इसके बाद दबिश की जानकारी सीमित रखी गई और किसी भी संभावित कार्रवाई की भनक बाहरी लोगों तक नहीं पहुंचने दी गई। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने विशेष टीमों को सक्रिय किया। थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान, एसआई राकेश पंथी और एसआई सुनीता बेतवाल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने दिन-रात सर्च अभियान चलाया। सुबह चार से पांच बजे तक संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई।
सीहोर से भोपाल और अशोकनगर तक खंगाले ठिकाने, लगातार जारी रहा सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में सीहोर शहर के अलग-अलग इलाकों को खंगालने के साथ ही जिले के बाहर भी जाल फैलाया। बिजोरी, मुंगावली, कस्बा, चकला चौराहा, दीवान बाग, जमशेद नगर और दूल्हा बादशाह कॉलोनी सहित अनेक स्थानों पर पुलिस टीमों ने दबिश दी। इसके अलावा भोपाल और अशोकनगर तक संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस की लगातार सक्रियता और तीन साथियों की गिरफ्तारी के बाद अयान पर भी शिकंजा कसता चला गया। उसके सामने छिपने के विकल्प लगातार कम होते जा रहे थे।
पहचान छिपाने के लिए बदला पूरा हुलिया, दूसरे राज्य भागने की थी तैयारी
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के अनुसार, लगातार पुलिस दबिश और साथियों की गिरफ्तारी के बाद अयान खान घबरा गया था। उसने पुलिस से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की। इसके लिए उसने न केवल अपना हुलिया बदला, बल्कि हेयरस्टाइल तक बदल ली थी, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर पहचान में न आ सके। उसकी योजना लंबे समय के लिए राज्य से बाहर निकलकर फरारी काटने की थी। इसके लिए वह आर्थिक इंतजाम करने में जुटा था। इसी बीच किसी निजी काम और आर्थिक व्यवस्था के सिलसिले में उसका सीहोर आना हुआ। पुलिस पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही उसके शहर में पहुंचने की सूचना मिली, मंडी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
धरने के दबाव में नहीं, पहले दिन से चल रही कार्रवाई का परिणाम है गिरफ्तारी
अयान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी धरने या बाहरी दबाव का परिणाम नहीं, बल्कि घटना के दिन से लगातार चल रहे सर्च अभियान, तकनीकी एवं खुफिया सूचनाओं और पुलिस टीमों की मेहनत का नतीजा है। हालांकि, इससे पहले मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया था और फरार आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई थी। पुलिस ने अपनी कार्रवाई जारी रखी और अब अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया।
मंडी क्षेत्र में हुई थी सनसनीखेज वारदात, पांच लोगों पर दर्ज हुआ था हत्या का केस
गौरतलब है कि 25 नवंबर 2026 को मंडी थाना क्षेत्र के गल्ला मंडी स्थित माता मंदिर चौराहा और मस्जिद के पास 45 वर्षीय लईक कुरैशी पर हमला किया गया था। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार से पेट में वार किए थे। गंभीर रूप से घायल लईक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एसपी निवास के नजदीक हुई इस वारदात ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। मामले में मंडी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में हत्या का प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में पहले ही अजीज उर्फ बड्डू (59), सलीम (62), नौशाद (41) और हासिम उर्फ भैय्या (30) को गिरफ्तार कर जिला जेल सीहोर भेज चुकी है। अब 22 वर्षीय अयान खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के अनुसार हत्याकांड के सभी पांचों नामजद आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें: Sehore news: तीन चोरों के साथ सीहोर का ज्वैलर गिरफ्तार, 7 लाख के जेवर और नकदी बरामद




















