Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खंडवा में शहीदों को श्रद्धांजलि, विधायक रामेश्वर शर्मा बोले-आतंकी घटनाएं रोकने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और जागरूक समाज जरूरी

खंडवा में राष्ट्रभक्त वीर युवा मंच ने 28/11 के आतंकी हमले में शहीद सीताराम, अधिवक्ता संजय पाल और बैंककर्मी रविशंकर पारे को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा ने हिंदू समाज से जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर संगठित होने का आह्वान किया। शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया। आयोजन के समापन पर पांच मशालों के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भागीदारी की।
खंडवा में शहीदों को श्रद्धांजलि, विधायक रामेश्वर शर्मा बोले-आतंकी घटनाएं रोकने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और जागरूक समाज जरूरी
खंडवा में आयोजित शहीदों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भोपाल हुजूर के विधायक रामेश्वर शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

हरसूद (खंडवा)।  28/11 को हुए आतंकी हमले में शहीद सीताराम, अधिवक्ता संजय पाल और बैंककर्मी रविशंकर पारे को राष्ट्रभक्त वीर युवा मंच ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। शनिवार रात खंडवा के बड़ाबम पर आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे भोपाल हुजूर के विधायक पं. रामेश्वर शर्मा ने हिंदू समाज से संगठित और एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को जाति और वर्गों के भेद से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होना होगा। संगठित समाज ही देश की संस्कृति, परंपराओं और गौरव को मजबूत आधार दे सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मिर्ची बाबा ने की। इस अवसर पर पुडुचेरी के आचार्य सोनेरावजी और बलाही समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। आयोजन के दौरान शहीद सीताराम की पत्नी ज्योति यादव, अधिवक्ता संजय पाल की पत्नी जयश्री पाल तथा बैंककर्मी रविशंकर पारे के परिजनों का सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

दुनिया तिरंगे के आगे झुकेगी, भगवा को प्रणाम करेगी

X Post

मुख्य वक्ता विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारत भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, भगवान महावीर, गौतम बुद्ध और गुरु नानक की धरती है। वह दिन दूर नहीं, जब पूरी दुनिया भारत के तिरंगे के सामने नतमस्तक होगी और केसरिया ध्वज को प्रणाम करेगी। उन्होंने देश में आतंकी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और जागरूक समाज को जरूरी बताया। अपने संबोधन में उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने जैसे विषयों का उल्लेख किया। उन्होंने गोमाता की रक्षा, पत्थरबाजी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई और हिंदू समाज की एकजुटता पर जोर दिया। युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ करने का सुझाव दिया। साथ ही लव जिहाद के मुद्दे पर समाज को जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया।

धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए शस्त्र के महत्व पर दिया जोर 

बलाही समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समाज का जागरूक और संगठित रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं ने भी धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र धारण किए थे। समाज को शास्त्र के साथ शस्त्र के महत्व को भी समझना होगा। उन्होंने एक हाथ में माला और दूसरे हाथ में भाला रखने का संदेश देते हुए बहन-बेटियों की सुरक्षा तथा कथित धर्मांतरण के मामलों पर चिंता जताई। छांगुर बाबा प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने धर्मांतरण के लिए विदेशों से आर्थिक मदद मिलने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति पर होने वाले प्रहारों का संगठित होकर जवाब देना जरूरी है।

ये भी पढ़ें: शरद पूर्णिमा पर संत सिंगाजी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2.5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

जागरूकता और संगठन से ही समाज होगा मजबूत 

पुडुचेरी से आए आचार्य सोनेरावजी ने कहा कि जागृति और संगठन के बिना समाज मजबूत नहीं हो सकता। राजस्थान और महाराष्ट्र में होने वाली घटनाओं पर वहां के लोग विरोध दर्ज करा रहे हैं, लेकिन सामाजिक विषयों पर पूरे देश के हिंदू समाज को भी एकजुट होकर जागरूकता दिखानी चाहिए। उन्होंने वेद मंत्र 'मित्रस्य चक्षुषा सर्वाणि भूतानि समीक्षे' का उल्लेख करते हुए सभी प्राणियों को मित्र की दृष्टि से देखने का संदेश दिया। साथ ही 'सर्वे भवन्तु सुखिन:' की भावना के साथ सभी के सुखी और स्वस्थ रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की मूल भावना सभी को मित्र मानने की है, लेकिन दुष्ट प्रवृत्तियों के प्रति सतर्क और सजग रहना भी आवश्यक है।

/img/478/1795940478990

पांच मशालों के साथ निकला जुलूस, युवाओं ने मोबाइल टॉर्च से की सहभागिता 

कार्यक्रम के समापन पर रात 11 बजे पांच मशालों के साथ मशाल जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर सहभागिता की। जुलूस बड़ाबम से शुरू होकर तीन पुलिया होते हुए हिंगलाज द्वार पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, महापौर अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा और मालेगांव ब्लास्ट मामले में दोषमुक्त हुए समीर कुलकर्णी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंच पर महादेवगढ़ के संरक्षक अशोक पालीवाल, मोनू गौर, कुश पालीवाल, संकेत जोशी, विशाल पासी और अमित जैन सहित अन्य लोग उपस्थित थे। 

ये भी पढ़ें: हरसूद में बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव- विरासत से विकास की ओर बढ़ रहा मध्य प्रदेश

Satyendra Thakur
By Satyendra Thakur

Latest Posts