Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

डॉ. मोहन भागवत बोले-संघ के 100 साल पूरे होना जश्न नहीं, समाज के लिए और अधिक काम करने का अवसर

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने दिल्ली में आयोजित 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम में कहा कि संघ के 100 वर्ष पूरे होना जश्न का नहीं, समाज के लिए और अधिक काम करने का अवसर है। उन्होंने भारत को फिर विश्वगुरु बनाने का संकल्प हर नागरिक से लेने की अपील की। भागवत ने राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र प्रथम की भावना पर जोर दिया। पूर्व सीजेआई जस्टिस जेएस खेहर ने भी संघ के सौ साल के सफर की सराहना की।
डॉ. मोहन भागवत बोले-संघ के 100 साल पूरे होना जश्न नहीं, समाज के लिए और अधिक काम करने का अवसर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने नई दिल्ली में राष्ट्र वंदनम कार्यक्रम को संबोधित किया।

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने देश की एकता, राष्ट्रीय चेतना और भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि संघ के सौ साल पूरे होना उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि समाज के लिए पहले से अधिक काम करने का अवसर है। देश के युवाओं में भारत को दुनिया का सर्वोच्च राष्ट्र बनाने की आकांक्षा है और उनके लिए राष्ट्र हमेशा सर्वोपरि है। भागवत रविवार को दिल्ली के रोहिणी इलाके में आयोजित संघ के कार्यक्रम 'राष्ट्र वंदनम' को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन संघ की दिल्ली इकाई ने किया था।

X Post

पांच महाद्वीपों तक पहुंचाया संघ का परिचय 

डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि संघ ने अपने शताब्दी वर्ष को केवल समारोहों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इस अवसर का उपयोग अपने विचारों और कार्यों को दुनिया तक पहुंचाने के लिए किया। संघ के प्रतिनिधि पांच महाद्वीपों के विभिन्न देशों में गए, ताकि वहां के लोगों को भारत, आरएसएस और संगठन की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है। पश्चिमी देशों में भी भारत की सामाजिक संरचना और हिंदू समाज के धैर्य को समझने की जिज्ञासा बढ़ी है।

आजादी के समय भारत के टिकने पर था संदेह, अब दुनिया देख रही इसकी ताकत 

संघ प्रमुख ने स्वतंत्रता के बाद भारत को लेकर पश्चिमी देशों की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय वहां के कई विचारकों को लगता था कि भारत ज्यादा समय तक एकजुट नहीं रह पाएगा। उन्हें उम्मीद थी कि देश का संचालन करने के लिए भारत को दोबारा पश्चिमी देशों की मदद लेनी पड़ेगी। लेकिन भारत ने लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखा और अपनी अर्थव्यवस्था का विस्तार किया। भागवत के अनुसार, आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। पश्चिमी देश यह जानना चाहते हैं कि हिंदू समाज में इतना धैर्य और सहनशीलता कैसे है। वे अपनी नई पीढ़ी को भी इसके बारे में समझाना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें: मोहन भागवत बोले- युवा पीढ़ी झूठ को करती है नापसंद, देश को मजबूत बनाने की रखती है इच्छा

मतभेदों से ऊपर उठकर एक परिवार की तरह रहने की जरूरत 

डॉ. भागवत ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज में छोटे-मोटे मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन देश के सभी नागरिक एक परिवार का हिस्सा हैं। हमें अपनी भारतीय पहचान को हमेशा सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच यह भावना मजबूत हो रही है कि हर भारतीय एक है। देश के नागरिकों के मन में भारतवर्ष की भावना लगातार प्रबल हो रही है। युवाओं की इच्छा है कि भारत दुनिया का नेतृत्व करे और इसके लिए राष्ट्र प्रथम का विचार जरूरी है।

पर्यावरण संरक्षण और सच्चाई के रास्ते पर चलने का संकल्प 

भागवत ने पर्यावरण संरक्षण का उल्लेख करते हुए खेती में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशकों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि खेती में कीटों से फसल बचाने के लिए कीटनाशकों की जरूरत होती है, लेकिन पारंपरिक तरीकों से तैयार कीटनाशक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना भी उपयोगी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आलोचना की चिंता किए बिना सच्चाई के रास्ते पर चलना हमारा संकल्प होना चाहिए। भारत को फिर से विश्वगुरु के स्थान पर पहुंचाने की जिम्मेदारी किसी एक संगठन या व्यक्ति की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की है।

Breaking News

संघ ने अपने उद्देश्यों और सिद्धांतों से समझौता नहीं  किया: पूर्व सीजेआई खेहर 

 कार्यक्रम में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जगदीश सिंह खेहर ने भी संबोधन दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ साल के सफर की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने इतने लंबे समय में अपने मूल उद्देश्यों और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। नवंबर 1925 में 15 से 20 युवाओं के साथ शुरू हुआ संघ आज संभवतः दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बन चुका है।

चरित्र निर्माण और अनुशासन को बताया संघ की पहचान 

जस्टिस खेहर ने कहा कि पिछले सौ वर्षों में सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों में कई बदलाव आए, लेकिन संघ ने चरित्र निर्माण, अनुशासन और हिंदू समाज को संगठित करने के अपने उद्देश्यों पर काम जारी रखा। उन्होंने संघ को सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रवादी संगठन बताते हुए कहा कि इसने पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्था से दूरी बनाए रखी है। संघ न तो चुनाव लड़ता है और न ही उसका कोई औपचारिक राजनीतिक मंच है। उनके अनुसार, संगठन की यही निरंतरता उसके लंबे सफर की महत्वपूर्ण विशेषता रही है।

ये भी पढ़ें: RSS प्रमुख मोहन भागवत ने अंग्रेजों पर साधा निशाना, बोले- 'अंग्रेजों ने शिक्षा व्यवस्था नष्ट कर भारतीयों को अज्ञानता में धकेला'

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts