फवाद-माहिरा की पाकिस्तानी सीरीज भारत में नहीं होगी रिलीज, नेटफ्लिक्स ने लिया फैसला

फवाद खान और माहिरा खान की अपकमिंग पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में रिलीज नहीं होगी। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर सरकार की एडवाइजरी के बीच नेटफ्लिक्स ने यह फैसला लिया है। फिल्म संगठनों के विरोध के बाद सीरीज की भारतीय रिलीज पर रोक लगने की खबर सामने आई है।
भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं होगी सीरीज
सूत्रों के मुताबिक, नेटफ्लिक्स ने 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में रिलीज नहीं करने का फैसला किया है। अब यह सीरीज भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं होगी। बताया जा रहा है कि नेटफ्लिक्स की टीम इस मामले में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। यह फैसला सरकार की 2025 में जारी एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, इस मामले में नेटफ्लिक्स की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ट्रेलर रिलीज होते ही शुरू हुआ विवाद
सीरीज का ट्रेलर 24 नवंबर को सामने आया था। इसके बाद भारत में इसकी संभावित रिलीज को लेकर विरोध शुरू हो गया। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में हस्तक्षेप करने और भारत में इसकी स्ट्रीमिंग रोकने की मांग की थी।
क्या है सरकार की 2025 की एडवाइजरी?
यह मामला 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी से जुड़ा है। पहलगाम आतंकी हमले और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म, स्ट्रीमिंग सेवाओं और डिजिटल माध्यमों को पाकिस्तानी वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट और अन्य कंटेंट को बंद करने की सलाह दी थी। मंत्रालय ने अब नेटफ्लिक्स को एक बार फिर इस एडवाइजरी का पालन करने की बात कही है। साथ ही जून 2025 में नेटफ्लिक्स की ओर से सरकार को दिए गए उस आश्वासन की भी याद दिलाई गई, जिसमें कंपनी ने कहा था कि वह भारतीय सब्सक्राइबर्स को पाकिस्तानी मूल की फिल्में और सीरीज उपलब्ध नहीं कराएगी।
FWICE ने दी थी प्रोजेक्ट्स से हटने की चेतावनी
सीरीज की रिलीज को लेकर FWICE ने नेटफ्लिक्स को चेतावनी दी थी। संगठन ने कहा था कि अगर प्लेटफॉर्म भारत में इस सीरीज को रिलीज करता है, तो 5 दिसंबर से उसके सदस्य देशभर में नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स से खुद को अलग कर लेंगे। वहीं, AICWA ने भी पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी। संगठन ने इन कलाकारों के भारत और भारतीय सशस्त्र बलों के खिलाफ कथित पुराने बयानों का मुद्दा उठाया था।
तीन पीढ़ियों की प्रेम कहानियों पर आधारित है सीरीज
'जो बचे हैं संग समेट लो' पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के चर्चित उर्दू उपन्यास पर आधारित है। यह नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजिनल पाकिस्तानी सीरीज है। इसका निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है। रोमांटिक ड्रामा सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, अहद रजा मीर, सनम सईद, इकरा अजीज और हमजा अली अब्बासी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीरीज का ग्लोबल प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को होना तय है।




















