कटनी में संयुक्त टीम की दबिश: 2712.60 क्विंटल गेहूं लदे 8 ट्रक पकड़े, मिल में खपाने की आशंका पर शुरू की जांच

कटनी। मैहर जिले से बड़ी मात्रा में कटनी लाए गए गेहूं को खुर्द-बुर्द करने और आटा मिल में खपाने की आशंका को लेकर मिली मुखबिर की सूचना पर खाद्य विभाग, राजस्व विभाग, मंडी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बिलहरी रोड पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 8 ट्रकों को रोककर उनकी जांच की और उनमें लदा गेहूं जब्त कर लिया।
ऐसे गहराया संदेह
जानकारी के अनुसार ये सभी वाहन मैहर जिले के खरवाही से गेहूं लोड कर कटनी पहुंचे थे। बताया गया कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) की ओर से समय एग्रोटेक माधवनगर को 4 हजार क्विंटल गेहूं का डीओ जारी किया गया था, जिसके तहत ट्रकों में गेहूं लोड होकर आया और इसे समय एग्रोटेक माधवनगर में ही खाली किया जाना था। हालांकि जब संयुक्त टीम जांच के लिए पहुंची, तब ट्रक गुलवारा बायपास स्थित केवलानी इंडस्ट्रीज से बाहर निकलकर बिलहरी रोड की ओर जा रहे थे, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में जांच और जब्ती
कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (जेएसओ) सुनील किरार, तहसीलदार अतुलश सिंह, मंडी के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। संयुक्त टीम ने 8 ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर 2712.60 क्विंटल गेहूं जब्त किया और जांच शुरू की। कुछ बोरियां खाली कराए जाने की सूचना पर दोबारा कांटा भी कराया गया।
ये भी पढ़ें: कटनी में 10,797 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल गायब, चार लोगों पर FIR
इन वाहनों की हुई जांच
टीम ने जिन 8 ट्रकों को रोककर जांच की, उनमें एमपी 20 जेडटी 9333, एमपी 21 एच 3933, एमपी 09 डीजेड 9933, एमपी 20 जेडडब्ल्यू 9933, एमपी 21 एच 1136, सीजी 04 एनवाय 9936, एमपी 18 एच 5572 और एमपी 09 9933 शामिल हैं।
आवंटन, परिवहन, गंतव्य और वास्तविक मात्रा के दस्तावेजों की हो रही जांच
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील किरार के अनुसार बिलहरी रोड पर जो वाहन मिले हैं, वे समय एग्रोटेक माधवनगर जाने से पहले गुलवारा बायपास स्थित केवलानी इंडस्ट्रीज गए थे, जहां धर्मकांटा कराने की बात कही गई है। जांच पूरी होने तक गेहूं को जब्त कर समय एग्रोटेक की सुपुर्दगी में रखा गया है, जबकि अनिल इंडस्ट्रीज को भी नोटिस जारी कर कांटा पर्ची मंगवाई गई है। समय एग्रोटेक के संचालक विनय डोडानी को ओपन मार्केट स्कीम (ओएमएस) के तहत एफसीआई से 4 हजार क्विंटल चावल की मात्रा का अनुबंध भी हुआ था।फिलहाल संयुक्त टीम आवंटन, परिवहन, गंतव्य और वास्तविक मात्रा के दस्तावेजों का मिलान कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: कटनी से भेजा 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल तीन जिलों में गायब, 4 करोड़ के गबन की EOW में शिकायत




















