Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कर्नाटक : हासन में गणेश विसर्जन जुलूस में घुसा बेकाबू ट्रक, 8 की मौत; 20 से ज्यादा घायल

कर्नाटक : हासन में गणेश विसर्जन जुलूस में घुसा बेकाबू ट्रक, 8 की मौत; 20 से ज्यादा घायल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बेंगलुरु। कर्नाटक के हासन जिले में 12 सितंबर की रात गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मोसाले होसाहल्ली गांव में श्रद्धालुओं से भरे जुलूस में अचानक एक बेकाबू ट्रक घुस गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रात करीब 8:45 बजे हुई, जब पूरा गांव गणपति बप्पा के जयकारों और संगीत में डूबा हुआ था।

    पहिए के नीचे आए कई लोग

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अरकलागुडु की दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा था। जैसे ही वह जुलूस के करीब पहुंचा, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक सीधे भीड़ में घुस गया। कई लोग उसके पहियों तले आ गए। पुलिस का कहना है कि मृतकों में ज्यादातर युवा लड़के हैं, जो जुलूस में डांस कर रहे थे।

    Twitter Post

    घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

    हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल 18 लोगों को हासन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (HIMS) में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

    प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी।

    Twitter Post

    केंद्रीय और राज्य मंत्रियों ने भी जताया शोक

    केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा, “गणेश विसर्जन जुलूस में श्रद्धालुओं पर ट्रक चढ़ने से हुई मौतें बेहद दर्दनाक हैं। मैं मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

    उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी सोशल मीडिया पर संवेदना जताते हुए कहा कि यह हादसा भयावह है और राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।

    हादसे से गुस्से और आक्रोश का माहौल

    गांव में हादसे के बाद मातम छा गया है। जुलूस में शामिल लोगों का कहना है कि, खुशियों का पर्व अचानक त्रासदी में बदल गया। ग्रामीणों ने घटना पर गुस्सा जाहिर करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts