फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा :झूला टूटा, इंस्पेक्टर की मौत और 13 घायल

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला ऊपर से नीचे आते समय अचानक गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। झूला गिरते ही मेले में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
झूला टूटा, इंस्पेक्टर की मौत और 13 घायल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक झूला अचानक गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

    घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर आयुष सिन्हा मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे मेला परिसर को खाली करा दिया गया। बताया जा रहा है कि झूले पर हादसे के वक्त 18 लोग सवार थे।

    सामने आया वीडियो

    इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला ऊपर से नीचे आते समय अचानक गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। झूला गिरते ही मेले में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था और झूलों की जांच पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।  हादसे को लेकर डिप्टी कमिश्नर आयुष सिन्हा ने बताया कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

     

    SHO की दर्दनाक मौत

    आगे कमिश्नर ने बताया कि झूले की चपेट में आने से पलवल के चांदहट थाने के SHO जगदीश प्रसाद की भी मौत हो गई है। गौरतलब है कि 39वां इंटरनेशनल सूरजकुंड क्राफ्ट मेला 31 जनवरी से फरीदाबाद में चल रहा है। मेले का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया था। यह अंतरराष्ट्रीय मेला 15 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें देश के 30 राज्यों से करीब 1150 कलाकार भाग ले रहे हैं। इसके अलावा 46 देशों के कलाकार भी इस मेले में अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करने पहुंचे हैं।

    शनिवार को भी हुआ था हादसा

    सूरजकुंड मेले में शनिवार को एक और हादसा सामने आया था। इससे पहले मेला परिसर का गेट नंबर-2 अचानक गिर गया, जिससे दो लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। हालांकि इत तरह की घटना से लोगों में डर का माहौल रहता है और भविष्य में भी ऐसी घटना होने की संभावना बनी रहती है।

    हालांकि, एक ही दिन में हुए इन दो हादसों ने सूरजकुंड मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में देश-विदेश से आने वाले कलाकारों और दर्शकों की मौजूदगी के बीच इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं।

    Aakash Waghmare
    By Aakash Waghmare

    आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

    Latest Posts