Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ज्योति, तूर, हरमिलन ने एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीते

Follow on Google News
ज्योति, तूर, हरमिलन ने एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीते

तेहरान। भारत की फरार्टा धाविका ज्योति याराजी, शीर्ष गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर और लंबी दूरी की धाविका हरमिलन बैंस ने शनिवार को एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन अपनी-अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीत कर देश को शानदार शुरुआत दिलाई। इस दौरान तूर और ज्योति ने अपने-अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किए। दो बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तूर ने अपने दूसरे प्रयास में 19.72 मीटर के साथ नया राष्ट्रीय इनडोर रिकॉर्ड कायम किया।

कजाकिस्तान के इवानोव इवान (19.08 मीटर) और ईरान के मेहदी सबेरी (18.74 मीटर) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। इससे पहले ज्योति ने महिलाओं की 60 मीटर बाधा दौड़ में 8.12 सेकेंड का समय लेकर अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार करते हुए स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में उन्होंने जापान की असुका टेरेडा (8.21 सेकेंड) से काफी बेहतर प्रदर्शन किया। हांगकांग की लुई लाई यियू (8:26 सेकेंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया। ज्योति 100 मीटर बाधा दौड़ में मौजूदा एशियाई आउटडोर चैंपियन हैं।

एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता हरमिलन बैंस ने 1500 मीटर दौड़ में 4 मिनट 29.55 सेकंड के समय के साथ भारत को दिन का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। हरमिलन ने दूसरे स्थान पर रही किर्गिस्तान की कलिल काइजी ऐनुस्का से 5 सेकंड कम समय लिया था। कजाकिस्तान की बोलाटबेक्कीजी अयाना ने चार मिनट 37.20 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। शैली सिंह और नयना जेम्स ने भी सुबह के सत्र में महिलाओं की लंबी कूद के फाइनल में चुनौती पेश की लेकिन शीर्ष तीन में जगह बनाने में सफल नहीं रही।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts