कनाडा क्रिकेट में बड़ा संकट! मोंटी देसाई ने हेड कोच पद से दिया इस्तीफा

कनाडा क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। मोंटी देसाई ने कनाडा के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें इसी साल मई में दूसरी बार टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था, लेकिन उनका दूसरा कार्यकाल महज करीब तीन महीने ही चला। मोंटी देसाई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पद से हटने की जानकारी दी।
'छोटा लेकिन अर्थपूर्ण अध्याय'
मोंटी देसाई ने अपने दूसरे कार्यकाल को छोटा लेकिन महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लिखा कि हर माहौल कुछ नया सिखाता है और कनाडा के साथ मिले अनुभव ने उनके इस विश्वास को और मजबूत किया कि लगातार अच्छा प्रदर्शन भरोसे, समय, मजबूत रिश्तों, तैयारी और टीमवर्क से हासिल किया जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का भी आभार जताया। देसाई ने कनाडाई क्रिकेट के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह यहां बने रिश्तों, मिली सीख और टीम के लिए योगदान देने के मौके के लिए आभारी हैं।
मैच फिक्सिंग के आरोपों के बीच इस्तीफा
मोंटी देसाई का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब कनाडा क्रिकेट गंभीर आरोपों और विवादों से गुजर रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद ICC की एंटी करप्शन यूनिट ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर जांच शुरू की थी। इसके बाद कनाडा क्रिकेट बोर्ड को लेकर ICC की ओर से कार्रवाई की गई और बोर्ड की फंडिंग रोकने के साथ उसकी एसोसिएट सदस्यता भी निलंबित की गई। बोर्ड की बहाली के लिए कुछ शर्तें भी रखी गई थीं। ऐसे समय में हेड कोच का पद छोड़ना कनाडाई क्रिकेट के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
देसाई का रहा है लंबा कोचिंग अनुभव
मोंटी देसाई क्रिकेट की दुनिया में लंबे समय से कोचिंग से जुड़े रहे हैं। वह वेस्टइंडीज टीम के बल्लेबाजी कोच के तौर पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा 2019 में उन्होंने यूएई के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी भी संभाली थी। IPL में वह राजस्थान रॉयल्स और गुजरात लायंस जैसी टीमों के साथ भी काम कर चुके हैं।




















