Jio IPO:सेबी के पास DRHP दाखिल, ₹37 हजार करोड़ से ज्यादा का हो सकता है देश का सबसे बड़ा IPO

भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम और डिजिटल सर्विस कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने बहुप्रतीक्षित IPO की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 19 जून को सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार कंपनी IPO के तहत 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। हालांकि, प्रति शेयर कीमत और इश्यू प्राइस बैंड की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह इश्यू 4 अरब डॉलर (करीब 37,000 करोड़ रुपये) से अधिक का हो सकता है, जो हुंडई मोटर इंडिया के 27,000 करोड़ रुपए के IPO को पीछे छोड़कर भारत का सबसे बड़ा IPO बन सकता है।
नए शेयर जारी कर जुटाए जाएंगे फंड
फाइलिंग के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स इस IPO के जरिए पूरी तरह नए शेयर जारी करेगी जिससे कंपनी को ताजा पूंजी प्राप्त होगी। फिलहाल दस्तावेजों में किसी मौजूदा निवेशक द्वारा हिस्सेदारी बेचने की जानकारी नहीं दी गई है। ऑफर फॉर सेल (OFS) से जुड़ी स्थिति सेबी के पास जमा दस्तावेजों की विस्तृत समीक्षा के बाद स्पष्ट होगी।
मुकेश अंबानी बोले- दुनिया को भारत की टेक ताकत दिखाएगा Jio IPO
AGM के दौरान मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो की लिस्टिंग केवल एक IPO नहीं बल्कि भारत की तकनीकी क्षमता का ग्लोबल प्रदर्शन होगी। उन्होंने कहा, जियो की लिस्टिंग पूरी दुनिया को दिखाएगी कि भारत ग्लोबलस्तर, ग्लोबल क्षमता और ग्लोबल वैल्यू वाली टेक्नोलॉजी कंपनियां बना सकता है।
जियो प्लेटफॉर्म्स में किसकी कितनी हिस्सेदारी?
LSEG के आंकड़ों के अनुसार जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज की हिस्सेदारी 66% से अधिक है। इसके अलावा गूगल और मेटा जैसे ग्लोबल टेक दिग्गज भी कंपनी में निवेशक हैं।
- रिलायंस इंडस्ट्रीज - 66% से अधिक हिस्सेदारी
- Google - 7.7% हिस्सेदारी
- Meta Platforms - करीब 10% हिस्सेदारी
52 करोड़ से ज्यादा ग्राहक, इंटरनेट बाजार में दबदबा
जियो प्लेटफॉर्म्स की प्रमुख कंपनी रिलायंस जियो इंफोकॉम देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। TRAI के आंकड़ों के मुताबिक जियो के पास 52.69 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं। भारत के वायर्ड और वायरलेस इंटरनेट बाजार में जियो की हिस्सेदारी करीब 50% है। वहीं भारती एयरटेल लगभग 35% हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर है।
AI और 5G पर बड़ा दांव
जियो अब सिर्फ टेलीकॉम कंपनी नहीं बल्कि AI और डिजिटल टेक्नोलॉजी क्षेत्र की बड़ी खिलाड़ी बनती जा रही है। कंपनी के पास 5G नेटवर्क, क्लाउड सर्विसेज, AI टूल्स और एंटरप्राइज सॉल्यूशंस का बड़ा इकोसिस्टम है। आकाश अंबानी ने बताया कि कंपनी भारत के लिए अपना लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट नेटवर्क विकसित करने की संभावनाओं पर काम कर रही है। इसके लिए आवश्यक ग्राउंड स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है।
जामनगर में बनेगा AI बैकबोन
रिलायंस इंटेलिजेंस जामनगर में अपना AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहा है। इसका पहला 120 मेगावाट चरण 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी इस प्रोजेक्ट में NVIDIA GB300 GPU तकनीक का उपयोग करेगी जिससे बड़े पैमाने पर AI मॉडल और क्लाउड सर्विसेज संचालित की जा सकेंगी।
भारतीय भाषाओं में AI विकसित कर रहा Jio
मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो भारतीय भाषाओं में AI विकसित कर रहा है ताकि देश के हर नागरिक तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पहुंच आसान और सस्ती हो सके। उन्होंने कहा, हम भारत के लिए AI बना रहे हैं भारत द्वारा बनाया गया AI बना रहे हैं और हमारा लक्ष्य इसे हर भारतीय की पहुंच में लाना है।
Jio Call Agent: AI वॉइस असिस्टेंट होगा लॉन्च
आकाश अंबानी ने AGM में Jio Call Agent नामक AI वॉइस असिस्टेंट की घोषणा की। इसकी प्रमुख विशेषताएं:
- Hey Jio बोलकर एक्टिवेट होगा
- किसी ऐप डाउनलोड की जरूरत नहीं
- सभी भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करेगा
- कॉल ट्रांसक्रिप्शन तैयार करेगा
- कॉल समरी और रिमाइंडर बनाएगा
- फूड ऑर्डर, कैब बुकिंग और मीटिंग शेड्यूल कर सकेगा
- कॉन्फ्रेंस कॉल में 10 लोगों की आवाज पहचान सकेगा
कंपनी इसे 2026 के अंत तक 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स के लिए लॉन्च करने की योजना बना रही है।
ये भी पढ़ें: PF Withdrawal Rules: 5 साल से पहले PF निकालने पर लग सकता है टैक्स, जानिए TDS और ITR के पूरे नियम
Jio AirFiber ने पार किए 1.3 करोड़ ग्राहक
आकाश अंबानी ने बताया कि जियो का कुल यूजर बेस 52.4 करोड़ सब्सक्राइबर्स के पार पहुंच चुका है। वहीं Jio AirFiber से जुड़ने वाले घरों की संख्या 1.3 करोड़ से अधिक हो गई है। जियो का 5G यूजर बेस चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा 5G ग्राहक आधार बन चुका है।
रिलायंस रिटेल की भी मजबूत ग्रोथ
रिलायंस रिटेल की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने बताया कि कंपनी के रजिस्टर्ड ग्राहकों की संख्या बढ़कर 38.7 करोड़ हो गई है। उन्होंने बताया कि
- कुल ट्रांजैक्शन 39% बढ़कर 1.93 अरब पहुंचे
- Smart Bazaar नेटवर्क ने 1,000 स्टोर का आंकड़ा पार किया
- JioMart 3,100 से ज्यादा स्टोर्स के साथ देश का सबसे बड़ा क्विक कॉमर्स नेटवर्क बन चुका है
- वित्त वर्ष 2025-26 में रिटेल बिजनेस का रेवेन्यू 11.8% बढ़कर 3.70 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया
ये भी पढ़ें: PhonePe Wallet Users Alert: 1 साल तक वॉलेट इस्तेमाल नहीं किया तो कट सकती है फीस, जानिए नए नियम
भारत के सबसे बड़े IPO पर टिकी बाजार की नजर
जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बन सकता है। 52 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों, मजबूत 5G नेटवर्क, AI और सैटेलाइट टेक्नोलॉजी में निवेश के साथ कंपनी निवेशकों के लिए सबसे चर्चित अवसरों में से एक बन गई है। अब बाजार की नजर सेबी की मंजूरी और IPO के प्राइस बैंड पर रहेगी।












