PhonePe Wallet Users Alert:1 साल तक वॉलेट इस्तेमाल नहीं किया तो कट सकती है फीस, जानिए नए नियम

डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म PhonePe का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। कंपनी ने अपनी वॉलेट पॉलिसी में बदलाव करते हुए स्पष्ट किया है कि लंबे समय तक निष्क्रिय रहने वाले PhonePe वॉलेट पर अब मेंटेनेंस फीस लगाई जा सकती है। ऐसे में जिन यूजर्स ने महीनों से अपने वॉलेट का इस्तेमाल नहीं किया है उन्हें यह नियम जरूर जान लेना चाहिए।
365 दिन तक इस्तेमाल नहीं किया तो वॉलेट माना जाएगा निष्क्रिय
PhonePe की नई गाइडलाइन के मुताबिक यदि किसी वॉलेट से लगातार 365 दिनों तक कोई लेनदेन नहीं होता है, तो उसे निष्क्रिय माना जाएगा। इसके बाद कंपनी उस वॉलेट पर मेंटेनेंस चार्ज लगा सकती है। कंपनी ने साफ किया है कि केवल PhonePe ऐप खोलना या UPI के जरिए बैंक खाते से भुगतान करना वॉलेट एक्टिविटी नहीं माना जाएगा। वॉलेट को सक्रिय बनाए रखने के लिए वॉलेट से किसी प्रकार का ट्रांजैक्शन करना जरूरी होगा।
हर तीन महीने में कट सकती है ₹100 तक फीस
नियमों के अनुसार निष्क्रिय वॉलेट पर ₹100 तक की मेंटेनेंस फीस वसूली जा सकती है। हालांकि शुल्क काटने से पहले कंपनी यूजर को 15 दिन पहले नोटिस भेजेगी। यदि वॉलेट में ₹100 या उससे अधिक बैलेंस मौजूद है तो पूरा शुल्क काट लिया जाएगा। वहीं यदि बैलेंस ₹100 से कम है तो उपलब्ध राशि ही काटी जाएगी और वॉलेट का बैलेंस शून्य हो जाएगा। कंपनी वॉलेट को नेगेटिव बैलेंस में नहीं ले जाएगी।
ये भी पढ़ें: Reliance Jio IPO का इंतजार खत्म! आज SEBI के पास दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपर्स, मुकेश अंबानी ने AGM में किया बड़ा ऐलान
फीस से बचने के लिए क्या करें?
यूजर्स को समय-समय पर अपने PhonePe वॉलेट का उपयोग करते रहना चाहिए। वॉलेट में पैसे जोड़ना, वॉलेट से भुगतान करना या किसी भी प्रकार का वॉलेट ट्रांजैक्शन करना उसे एक्टिव बनाए रखेगा। अगर आप केवल UPI के जरिए बैंक खाते से भुगतान करते हैं और वॉलेट का उपयोग नहीं करते हैं, तो एक बार वॉलेट की स्थिति जरूर जांच लें।
PhonePe पहला प्लेटफॉर्म नहीं
निष्क्रिय वॉलेट पर शुल्क लगाने वाला PhonePe पहला डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म नहीं है। इससे पहले MobiKwik और Airtel Payments Bank भी ऐसी व्यवस्था लागू कर चुके हैं। Airtel Payments Bank ने पहले निष्क्रिय वॉलेट पर मेंटेनेंस चार्ज लगाया था, जिसे बाद में वार्षिक रखरखाव शुल्क (AMC) मॉडल में बदल दिया गया। वहीं MobiKwik भी लंबे समय तक इस्तेमाल न होने वाले वॉलेट पर शुल्क वसूलता रहा है।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: निफ्टी 155 अंक गिरकर 24013 पर बंद, सेसेंक्स 607 अंक टूटा; IT सेक्टर में भारी बिकवाली
किन यूजर्स पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा?
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन यूजर्स पर पड़ सकता है जो PhonePe ऐप का उपयोग तो करते हैं लेकिन केवल UPI पेमेंट के लिए। ऐसे कई यूजर्स ने वॉलेट में पुराना बैलेंस छोड़ रखा है और लंबे समय से उसका इस्तेमाल नहीं किया है। अब ऐसे यूजर्स को अपने वॉलेट की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत होगी।












