Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Jet Airways के फाउंडर नरेश गोयल की पत्नी का निधन, लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं अनीता गोयल; मुंबई में ली अंतिम सांस

Follow on Google News
Jet Airways के फाउंडर नरेश गोयल की पत्नी का निधन, लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं अनीता गोयल; मुंबई में ली अंतिम सांस
मुंबई। जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का निधन हो गया है। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहीं थीं, इलाज के दौरान गुरुवार तड़के 3 बजे उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल भी कैंसर के मरीज हैं और इस समय जमानत पर बाहर हैं। मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद नरेश गोयल को बीते दिनों अपनी पत्नी से मुलाकात के लिए सशर्त जमानत दी गई थी।

6 मई को मिली थी अंतरिम जमानत

बॉम्बे हाई कोर्ट ने 6 मई को जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मेडिकल के आधार पर दो महीने की अंतरिम जमानत दी थी। गोयल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले 3 मई को हुई सुनवाई में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गोयल की मेडिकल के आधार पर मांगी गई अंतरिम जमानत का विरोध किया था। साथ ही कहा था कि प्राइवेट अस्पताल में उनका रहना एक महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है। जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मेडिकल के आधार पर जमानत देने के अनुरोध के साथ हाईकोर्ट का रुख किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह और उनकी पत्नी, दोनों ही अंतिम चरण में पहुंच चुके कैंसर से जूझ रहे हैं।

अनीता गोयल को नवंबर में मिली जमानत

नरेश गोयल पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले और केनरा बैंक द्वारा कर्ज के रूप में जेट एयरवेज को दिए गए 538.62 करोड़ रुपए में धोखाधड़ी करने का आरोप है। ED ने कथित बैंक धोखाधड़ी के सिलसिले में नरेश गोयल को सितंबर, 2023 में गिरफ्तार किया था। ED की ओर से इस मामले में आरोपपत्र दाखिल करने पर गोयल की पत्नी अनीता गोयल को नवंबर, 2023 में गिरफ्तार किया गया था। लेकिन उनकी उम्र और हेल्थ को देखते हुए उन्हें जमानत दे दी गई थी। लेकिन विशेष अदालत ने नरेश गोयल को इस आधार पर जमानत देने से इनकार कर दिया था कि उन्हें उनकी पसंद के अस्पताल में इलाज मुहैया कराया जा रहा था।

ED ने जब्त की थी 538 करोड़ की प्रॉपर्टी

ED ने नरेश गोयल, उनके परिवार के सदस्यों और कंपनियों की लंदन, दुबई और भारत में करीब 538 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की है। जब्त की गई संपत्तियों में 17 फ्लैट, बंगले और वाणिज्यिक परिसर शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, लंदन, दुबई और भारत के विभिन्न शहरों में स्थित ये संपत्तियां जेट एयर प्राइवेट लिमिटेड और जेट एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड जैसी विभिन्न कंपनियों, गोयल, उनकी पत्नी अनीता और बेटे निवान के नाम पर हैं।

1 सितंबर 2023 को गिरफ्तार हुए थे नरेश गोयल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED ने नरेश गोयल को एक सितंबर को गिरफ्तार किया था और एजेंसी ने मुंबई में विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) कोर्ट के सामने उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। वह मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद थे।

क्या है मामला ?

जेट एयरवेज ने नकदी संकट के बाद अप्रैल 2019 में अपना परिचालन बंद कर दिया था। बाद में, गोयल ने एयरलाइन के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। गोयल के खिलाफ धन शोधन का मामला CBI की प्राथमिकी से संबंधित है, जो मुंबई के एक बैंक की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। ईडी के मुताबिक, बैंक ने जेट एयरवेज लिमिटेड, इसके प्रवर्तकों और निदेशकों पर बैंकों से लिए गए 538.62 करोड़ रुपये के ऋण मामले में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। ये भी पढ़ें- Jet Airways के फाउंडर नरेश गोयल को बड़ी राहत, बॉम्बे हाईकोर्ट ने दी 2 महीने की अंतरिम जमानत; मनी लॉड्रिंग मामले में सितंबर से हैं जेल में ये भी पढ़ें- मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ी कार्रवाई, जेट एयरवेज फाउंडर की मुश्किलें बढ़ीं; ED ने 538 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी जब्त की
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts