पहलगाम में आतंकी हमला : पर्यटकों पर फायरिंग, 20 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका; लश्कर के संगठन TRF ने ली जिम्मेदारी
सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में आतंकियों ने एक पर्यटक रिसॉर्ट पर हमला किया। इस गोलीबारी में 20 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। वहीं, प्रशासन द्वारा एक पर्यटक की मौत की पुष्टि की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हमला बैसरन घाटी के ऊपरी हिस्से से किया गया। आतंकियों ने घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों के ग्रुप को निशाना बनाया है। लश्कर के संगठन TRF ने पहलगाम टेररिस्ट अटैक की जिम्मेदारी ली है।
J&K की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने घायलों से की मुलाकात
जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।CM उमर अब्दुल्ला पहलगाम के लिए रवाना
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पहलगाम के लिए रवाना हो गए हैं। वे मौके का जायज़ा लेंगे और स्थिति की जानकारी लेंगे।
पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं - PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूँ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैं प्रार्थना करता हूँ कि जो लोग घायल हैं, वे जल्द से जल्द ठीक हों। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है। इस घिनौने हमले को अंजाम देने वालों को सज़ा जरूर मिलेगी... उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका बुरा इरादा कभी कामयाब नहीं होगा। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई और भी मजबूत होगी, हमारा हौसला अडिग है।
घायल पर्यटक राजस्थान से आए थे
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जानकारी दी है कि घायल पर्यटक राजस्थान से आए थे। गर्मियों की छुट्टियों की शुरुआत होने के कारण इलाके में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।पाकिस्तानी आतंकियों पर शक
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे पाकिस्तान से आए आतंकियों का हाथ हो सकता है। हाल ही में पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर ने भड़काऊ बयान दिया था, जिसके बाद यह हमला हुआ। माना जा रहा है कि ये हमला उसी का नतीजा है।





















