Cargo Vessels Attack :यमन के पास लाल सागर में कार्गो जहाज पर हमला, ब्रिटिश एजेंसी ने शुरू की जांच

यमन के पास लाल सागर में एक बार फिर समुद्री सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। ब्रिटेन की सेना के अनुसार, रविवार को एक कार्गो जहाज पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया। यह घटना यमन के पश्चिमी तट पर स्थित होदेदा शहर से करीब 30 समुद्री मील (लगभग 55 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में हुई।
ब्रिटिश एजेंसी ने शुरू की जांच
ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि जहाज से हमला होने की सूचना मिली थी। एजेंसी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल जहाज को कितना नुकसान हुआ है और चालक दल सुरक्षित है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
किसी ने नहीं ली हमले की जिम्मेदारी
अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, शक ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर भी जताया जा रहा है, क्योंकि वे पहले लाल सागर से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाने की धमकी दे चुके हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में हूतियों की ओर से ऐसे हमले नहीं हुए थे।
ये भी पढ़ें: हमले का LIVE VIDEO! अमेरिका ने ईरानी कार्गो जहाज पर किया कब्जा, होर्मुज में बिगड़े हालात
गाजा युद्ध के बाद बढ़े थे समुद्री हमले
गाजा युद्ध शुरू होने के बाद हूती विद्रोहियों ने लाल सागर और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कई जहाजों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे। इसके बाद कई अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों ने अपने जहाजों का रास्ता बदल दिया और स्वेज नहर की बजाय अफ्रीका के दक्षिणी छोर से लंबा समुद्री मार्ग अपनाना शुरू कर दिया।
सोमाली समुद्री डाकू भी हुए सक्रिय
इधर, अदन की खाड़ी में सोमाली समुद्री डाकुओं की गतिविधियां भी फिर बढ़ने लगी हैं। 1 जुलाई को यमन के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह बलहाफ से करीब 76 समुद्री मील दूर एक जहाज पर संदिग्ध समुद्री डाकुओं ने हमला किया था। उस घटना में छोटे हथियारों से लैस चार हमलावरों ने जहाज के ब्रिज को मामूली नुकसान पहुंचाया था।
समुद्री व्यापार की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
लाल सागर और अदन की खाड़ी में लगातार हो रहे हमलों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी है और पूरे क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।











