शराब कांड पर एक्शन-सागर और देवास कलेक्टर को हटाया, प्रतिभा पाल पर्यटन विकास निगम में एमडी, ऋतुराज सिंह उपसचिव बने

भोपाल।मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने पांच आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में पर्यटन, राजस्व और सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है।
नेहा मीना सिवनी, दिलीप कुमार सागर कलेक्टर
आदेश के मुताबिक, वर्ष 2012 बैच की आईएएस अधिकारी प्रतिभा पाल, जो सागर कलेक्टर थीं, उन्हें मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्ष 2014 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा मीना को सिवनी कलेक्टर के पद से स्थानांतरित कर देवास जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी दिलीप कुमार यादव, जो मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें सागर जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
अंजू अरुण कुमार सिवनी की कलेक्टर बनीं
इसी तरह, वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी ऋतुराज सिंह, जो देवास कलेक्टर थे, उन्हें मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंजू अरुण कुमार, जो पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव थीं, उन्हें सिवनी जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
देखें सूची:

ओपी श्रीवास्तव बने आनंद विभाग के सीईओ
आनंद विभाग में पूर्व आईएएस अधिकारी ओपी श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। श्रीवास्तव जनसंपर्क संचालक और गृह सचिव रह चुके हैं। बीते साल श्रीवास्तव नर्मदा परिक्रमा को लेकर चर्चा में थे।




















