सीहोर में बारूद का अवैध कारोबार बेनकाब: 30 किलो विस्फोटक और 585 गजकुंडियां जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और मोडिफाई गन (गजकुंडी) के निर्माण के खिलाफ पार्वती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अवैध कारोबार का खुलासा किया है। ग्राम मैना और अलीपुर में दबिश देकर पुलिस ने करीब 30 किलोग्राम पोटाश एवं सल्फर (गंधक) तथा 585 निर्मित और अर्धनिर्मित गजकुंडियां जब्त की हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गजकुंडियों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस का एक्शन
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मैना और अलीपुर में कुछ लोग अपने मकान और दुकानों में बड़ी मात्रा में मोडिफाई गन (गजकुंडी) तथा उन्हें चलाने में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री जमा करके रखे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर पार्वती पुलिस की टीम ने ग्राम मैना और इंदौर नाका स्थित अलीपुर में दबिश दी। संदेहियों के मकानों और दुकानों की विधिवत तलाशी के दौरान निर्मित एवं अर्धनिर्मित गजकुंडियां और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने मौके से सामग्री जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और गजकुंडी निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, सामग्री कहां से लाई गई थी, इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं, इन बिंदुओं पर विवेचना के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
30 किलो विस्फोटक बरामद
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, जब्त सामग्री में करीब 320 पूर्ण निर्मित और 265 अर्धनिर्मित मोडिफाई गन (गजकुंडी) शामिल हैं। इस तरह कुल 585 गजकुंडियां जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 30 किलोग्राम पोटाश और सल्फर यानी गंधक भी बरामद किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में निर्मित और अर्धनिर्मित उपकरणों की बरामदगी ने इस कार्रवाई को गंभीर बना दिया है। विस्फोटक पदार्थों का अनुचित भंडारण और खतरनाक उपकरणों का इस्तेमाल लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें हकीम खां (50), पिता वसीर खां; वाजिद खां (30), पिता नजब खां; और अफजल (35), पिता सरफुद्दीन, निवासी ग्राम मैना, जिला सीहोर शामिल हैं। चौथे आरोपी सलमान, पिता मुन्नू खां, निवासी बाबा कॉलोनी, अलीपुर, आष्टा, जिला सीहोर को भी गिरफ्तार किया गया है। पार्वती थाने में अपराध क्रमांक 381/26 एवं 383/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 288, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4-B और 9(ख) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्त चेतावनी
एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि पोटाश, गंधक जैसे विस्फोटक पदार्थों और गजकुंडी तथा कार्बाइड गन जैसे खतरनाक उपकरणों के निर्माण, भंडारण, खरीद-फरोख्त और उपयोग से दूर रहें। इनके इस्तेमाल से गंभीर चोट लगने, आंखों की रोशनी जाने और जानलेवा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया है कि वे बच्चों को ऐसे उपकरणों से दूर रखें। यदि किसी क्षेत्र में अवैध विस्फोटक सामग्री या गजकुंडी के निर्माण अथवा बिक्री की जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
ये भी पढ़ें: जिस घर में सजनी थीं शादी की खुशियां, वहां आग ने कर दी बर्बादी! नकदी, गहने और सामान राख, 12 लाख का नुकसान




















