इंदौर में पानी पर पहरा! नए नल कनेक्शन बंद, निर्माणाधीन मकानों को भी नहीं मिलेगा नर्मदा का पानी

इंदौर। कम बारिश के बाद शहर में पेयजल संकट की आशंका गहराने लगी है। आने वाले महीनों में पानी की किल्लत से निपटने के लिए नगर निगम ने अभी से कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में नर्मदा पेयजल योजना के तहत नए कनेक्शन देने पर रोक लगा दी गई है। अब किसी नई कॉलोनी को बल्क कनेक्शन नहीं मिलेगा। निर्माणाधीन मकानों को भी फिलहाल नर्मदा का नया कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।
संबंधित खबर: इंदौर में सीवरेज से कमाई का प्लान! रोज 3 करोड़ लीटर पानी बेचेगा निगम,2.20 लाख लोगों के बराबर पानी बचाने का दावा
जनवरी से गहरा सकता है पानी का संकट
इस बार कम बारिश के कारण जल उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। नगर निगम जनवरी से संभावित जल संकट को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार कर रहा है। पानी की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर नई जल नीति बनाने की तैयारी भी चल रही है, ताकि संकट के दौरान शहरवासियों को नियमित पानी उपलब्ध कराया जा सके।
संबंधित खबर: इंदौर में बारिश थमी, फिर भी वाटर रिचार्जिंग पर जुर्माना; रहवासियों ने मांगी 6 महीने की मोहलत
नई कॉलोनियों को नहीं मिलेगा बल्क कनेक्शन
नगर निगम ने नए बल्क कनेक्शन देने पर रोक लगाने का फैसला किया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी नहीं होने की बात सामने आई है, लेकिन संबंधित अधिकारियों को मौखिक निर्देश दिए गए हैं।नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के मुताबिक, जिन कॉलोनियों के पास पहले से बल्क कनेक्शन हैं, उन्हें पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मौजूदा परिस्थितियों में नए कनेक्शन देकर अतिरिक्त पानी की आपूर्ति करना संभव नहीं है। इसलिए फिलहाल नए बल्क कनेक्शन नहीं दिए जाएंगे।
निर्माणाधीन मकानों को भी करना होगा इंतजार
निगम ने निर्माण कार्य के दौरान नर्मदा के पानी का इस्तेमाल रोकने के लिए भी कदम उठाया है। अब निर्माणाधीन मकानों को नया नर्मदा कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। मकान का निर्माण पूरा होने के बाद नियमित जल कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकेगा।आयुक्त के अनुसार, नर्मदा का पानी महंगा और उपयोगी संसाधन है। निर्माण कार्य में इसका इस्तेमाल करने के बजाय ट्रीटेड वाटर यानी उपचारित पानी का उपयोग किया जाना चाहिए। निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्माण कार्यों में उपचारित पानी का ही इस्तेमाल करें।
संबंधित खबर: इंदौर में 16 साल की छात्रा की संदिग्ध मौत:दोस्त से विवाद के बाद टूटा मोबाइल; सीने-कंधे पर चोट के निशान
हर वार्ड में हाइड्रेंट, टैंकरों से पहुंचेगा पानी
संभावित संकट से निपटने के लिए नगर निगम हर वार्ड में किसी एक कुएं या बावड़ी पर हाइड्रेंट बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके जरिए संबंधित वार्ड के उन इलाकों में टैंकरों से पानी पहुंचाया जाएगा, जहां जल संकट की स्थिति बनेगी। इससे जरूरत वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए पानी उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
संबंधित खबर: इंदौर में अल्पवर्षा ने बढ़ाई चिंता: इंदौर में जनवरी-फरवरी से गहरा सकता है जलसंकट, निगम ने बनाई 6 महीने की तैयारी
पानी के हालात पर होगी बड़ी बैठक
इंदौर में पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से गुरुवार को बैठक आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। इसमें नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे के शामिल होने की बात कही गई है। बैठक में आने वाले समय में शहर को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और संभावित संकट से निपटने के उपायों पर चर्चा होगी। बैठक सिटी बस कंपनी के सभागार में प्रस्तावित है।




















