जबलपुर में 8.68 करोड़ की GST धोखाधड़ी, फर्जी बिलिंग से ITC हड़पने के आरोप में EOW ने की 8 FIR दर्ज

जबलपुर। शहर की मेडिकल और व्यावसायिक फर्मों के अकाउंटिंग डेटा में सेंध लगाकर फर्जी जीएसटी बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का अवैध हस्तांतरण कर करीब 8.68 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने जांच के बाद आठ अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विवेचना शुरू कर दी है। मामले में महादेव फार्मा के प्रोपराइटर दीपांशु दीक्षित, एसटी ड्रग हाउस के प्रोपराइटर मोहन अंबवानी सहित अन्य की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने जांच की थी। जांच उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी ने की। इस दौरान राज्य कर (जीएसटी) विभाग से प्राप्त जांच प्रतिवेदन और दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
स्क्रीन शेयरिंग से हासिल किया डेटा और ओटीपी
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्म संचालकों का विश्वास जीतकर उनके कंप्यूटर में स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर के माध्यम से एमएआरजी अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा अपने कंप्यूटर में हासिल कर लिया। जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के बहाने फर्म संचालकों के मोबाइल पर आने वाले ओटीपी भी प्राप्त किए गए। इसके बाद खातों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में कथित तौर पर हेराफेरी की गई।
डिंडौरी में सरकारी धान की खरीदी और मिलिंग पर सवाल, महाराष्ट्र में बिक्री की जांच करने पहुंची EOW टीम
बिना कारोबार के किया आईटीसी का हस्तांतरण
आरोप है कि 1 मार्च 2022 से 26 दिसंबर 2025 के बीच बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए फर्जी बिल और टर्नओवर तैयार किए गए। फर्मों के आईटीसी आंकड़ों को आरोपियों और उनके परिजनों की फर्मों में स्थानांतरित कर आर्थिक लाभ अर्जित किया गया। इससे शिकायतकर्ताओं को 8 करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपए की आर्थिक क्षति पहुंची।
रीवा में गौशाला निर्माण के नाम पर 37.85 लाख की गड़बड़ी के आरोप, आरईएस दफ्तर पहुंची EOW की टीम
पांच आरोपियों के नाम आए सामने
मामले में आशीष कोटवानी, निखिल कोटवानी, अशोक कोटवानी, जस्मीत कोटवानी और अकाउंटेंट योगेश साहू के नाम सामने आए हैं। ईओडब्ल्यू ने 27 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 119 से 126/2026 तक कुल आठ प्रकरण भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दर्ज किए हैं। इनमें धोखाधड़ी, आपराधिक न्यासभंग, कूटरचना, फर्जी इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख के उपयोग और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं शामिल हैं।




















