इंदौर में लाल मर्सिडीज से पकड़ी कोकीन! ग्राहक का इंतजार कर रहा था 23 साल का युवक,2.20 ग्राम ड्रग्स बरामद

इंदौर। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक बार फिर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जूनी इंदौर पुलिस ने धोबी घाट करबला मैदान के पास खड़ी लाल रंग की लग्जरी मर्सिडीज कार से कोकीन बरामद की है। कार में बैठा 23 वर्षीय युवक कथित तौर पर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.20 ग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: बिलासपुर पुलिस का पंजाब में छापा, अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का कथित मुख्य सप्लायर रिंकू गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 को थाना जूनी इंदौर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धोबी घाट करबला मैदान में एक लाल रंग की मर्सिडीज कार (MP 09 CW 7000) खड़ी है। इसमें एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैठा हुआ है। सूचना में युवक की गतिविधियों को संदिग्ध बताया गया था।इसके बाद पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार सहित उसमें बैठे युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को 2.20 ग्राम कोकीन बरामद हुई। शुरुआती जांच में ही मामला मादक पदार्थ की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़ा होने की आशंका सामने आई।
ड्रग टेस्टिंग किट से हुई कोकीन की पुष्टि
पुलिस ने मौके पर बरामद पदार्थ की जांच ड्रग टेस्टिंग किट से की। जांच में पदार्थ कोकीन पाया गया। जब्त की गई कोकीन की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई, ताकि जब्ती और तलाशी की प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
ये भी पढ़ें: NCB की बड़ी कार्रवाई, ड्रग्स तस्करी नेटवर्क की 20.10 करोड़ रुपये की 25 संपत्तियां फ्रीज
बिचौली हप्सी का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान कल्प काकरिया (23), निवासी शांति निकेतन, बिचौली हप्सी, इंदौर के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी करबला मैदान में कार के अंदर बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। हालांकि, कोकीन उसे कहां से मिली और वह किस व्यक्ति को इसकी सप्लाई करने वाला था, इसकी जानकारी अभी जांच का विषय है।
ये भी पढ़ें: Amritsar Drug Smuggling : 11 पिस्टल और 2.293 किलो हेरोइन बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
इस मामले में थाना जूनी इंदौर में अपराध क्रमांक 603/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास कोकीन कहां से पहुंची थी। इसके अलावा उसके संपर्कों, संभावित ग्राहकों और नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।




















