MP Weather: मध्यप्रदेश में पहली बार 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा

मध्यप्रदेश में ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में पारा गिरकर 9.9 डिग्री पर पहुंच गया, जो प्रदेश में अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड दर्ज की गई। दूसरी ओर खंडवा 34.5 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और बारिश की संभावना नहीं है।
कल्याणपुर में पारा 9.9 डिग्री, इंदौर पचमढ़ी से ठंडा
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी संभागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कई इलाकों में रात की ठंड बढ़ने लगी है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अमरकंटक में 10.1 डिग्री, कटनी के करोंदी में 10.4 डिग्री और दमोह में 11.5 डिग्री तापमान रहा। खास बात यह है कि इंदौर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 13.2 डिग्री रहा। यानी इंदौर की रात पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडी रही।
खंडवा सबसे गर्म, इन शहरों में भी बढ़ा तापमान का अंतर
जहां प्रदेश के कुछ इलाकों में ठंड बढ़ रही है, वहीं दिन के समय गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। खंडवा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों और स्थानों का तापमान इस प्रकार रहा-
सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले स्थान
कल्याणपुर (शहडोल) – 9.9 डिग्री
अमरकंटक (अनूपपुर) – 10.1 डिग्री
करोंदी (कटनी) – 10.4 डिग्री
दमोह – 11.5 डिग्री
गिरवर (शाजापुर) – 11.8 डिग्री
इंदौर – 12.4 डिग्री
पचमढ़ी – 13.2 डिग्री
सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान वाले स्थान
खंडवा – 34.5 डिग्री
मंदसौर – 33.9 डिग्री
खरगोन – 33.8 डिग्री
धार – 33.7 डिग्री
बैरसिया (भोपाल) – 33.5 डिग्री
अगले दिनों में 1 से 2 डिग्री और गिरेगा पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। खासकर शहडोल, अनूपपुर, कटनी, दमोह और शाजापुर जैसे इलाकों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रातें ज्यादा सर्द हो सकती हैं। फिलहाल इस सप्ताह प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम, नवंबर के तीसरे सप्ताह में बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक ट्रफ फैला है। इसके अलावा दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर भी ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। अगले 24 घंटे में इसके और स्पष्ट होने के आसार हैं।
इस नए मौसमी सिस्टम के कारण नवंबर के तीसरे सप्ताह में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।




















