भारत ने आसान की वीजा प्रक्रिया, 13 की जगह होंगी 9 कैटेगरी; आवेदन फॉर्म भी होगा सरल

सरकार के इस फैसले से भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों, कारोबारियों, मरीजों, छात्रों और शोधकर्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया गया है और इसके दायरे में कई नई गतिविधियां शामिल की गई हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, नई व्यवस्था के तहत वीजा जारी करने की प्रक्रिया 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।
13 से घटाकर 9 की गईं वीजा की मुख्य कैटेगरी
भारत सरकार ने वीजा व्यवस्था को सरल बनाने के लिए मुख्य श्रेणियों और उनकी सब-कैटेगरी में बदलाव किया है। पहले जहां 13 मुख्य वीजा कैटेगरी थीं, वहीं अब इनकी संख्या 9 रह जाएगी। इसी तरह सब-कैटेगरी भी 49 से घटाकर 23 कर दी गई हैं। नई व्यवस्था में बिजनेस, डिप्लोमैटिक, वर्क, जर्नलिस्ट, मेडिकल, ऑफिशियल, स्टूडेंट, विजिटर और मिसलेनियस वीजा शामिल होंगे।
टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर किया विजिटर वीजा
सरकार ने टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया है और इसका दायरा भी बढ़ाया है। अब इसके तहत घूमने-फिरने के अलावा बिजनेस मीटिंग, मेडिकल कंसल्टेशन, वेलनेस रिट्रीट और भारतीय भाषा, संगीत, कला और शिल्प के छोटे कोर्स करने की सुविधा भी मिलेगी। विजिटर वीजा को V-1 और V-2 की दो श्रेणियों में बांटा गया है। V-1 वीजा 30 दिन के लिए मल्टीपल एंट्री के साथ मिलेगा, जबकि V-2 वीजा एक, पांच या 10 साल की वैधता के साथ जारी किया जा सकेगा। इसमें पर्वतारोहण जैसी गतिविधियां भी शामिल होंगी।
मेडिकल वीजा को दो श्रेणियों में बांटा
विदेशी मरीजों को राहत देने के लिए मेडिकल वीजा की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अब इसे M-1 और M-3 की दो कैटेगरी में रखा गया है। M-1 सामान्य चिकित्सा उपचार के लिए होगा, जबकि M-3 के तहत आयुष पद्धति से इलाज कराने वाले विदेशी नागरिकों को वीजा दिया जाएगा। दोनों तरह के मेडिकल वीजा और उनके ई-वीजा की सामान्य वैधता एक साल होगी और इनमें मल्टीपल एंट्री की सुविधा भी मिलेगी।
मरीजों के साथ आने वालों के लिए अटेंडेंट वीजा
मेडिकल वीजा पर भारत आने वाले मरीजों के साथ उनके परिजनों या अन्य सहयोगियों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। इसके तहत M-2 और M-4 अटेंडेंट वीजा की सुविधा दी जाएगी। इससे मरीजों के साथ आने वाले लोगों को इलाज की अवधि के दौरान बार-बार वीजा के लिए आवेदन करने की जरूरत कम होगी। सरकार का उद्देश्य चिकित्सा के लिए भारत आने वाले विदेशी नागरिकों और उनके साथियों की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
स्टूडेंट और बिजनेस वीजा में भी बदलाव
स्टूडेंट वीजा को S-1 और S-2 की दो श्रेणियों में बांटा गया है। S-1 के तहत स्कूल, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई करने वाले विदेशी छात्रों को वीजा मिलेगा, जबकि S-2 में पीएचडी, रिसर्च, विजिटिंग फैकल्टी, इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम शामिल होंगे। स्टडी इन इंडिया पोर्टल के जरिए दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों को पांच साल तक या कोर्स की अवधि के लिए ई-वीजा मिल सकेगा। वहीं, बिजनेस वीजा को B-1 और B-2 में बांटा गया है, जिसके तहत लंबे समय के कारोबारी काम, निवेश, कॉन्फ्रेंस, फिल्म शूटिंग और टेक्निकल एक्सपर्ट की सेवाओं जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
172 देशों के नागरिकों को मिलती है ई-वीजा सुविधा
फिलहाल भारत 172 देशों के नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा दे रहा है। नई व्यवस्था लागू करने के लिए सरकार अपने आईटी सिस्टम को अपडेट कर रही है। इसके अलावा वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले फील्ड की संख्या भी 65 से 70 फीसदी तक कम की गई है, जिससे आवेदन की प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान होगी। गृह मंत्रालय के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत वीजा जारी करने का काम 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।




















