इंदौर को मिला स्वच्छ वायु अवार्ड, 200 में से 200 अंक हासिल कर रचा नया इतिहास, दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ने सौंपा वेटलैंड सिटी का सटिर्फिकेट

नई दिल्ली/इंदौर। देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का गौरव हासिल करने वाला इंदौर अब स्वच्छ वायु अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। मंगलवार को दिल्ली स्थित पर्यावरण भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इंदौर को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
इंदौर ने देशभर में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में अव्वल स्थान प्राप्त किया और 200 में से पूरे 200 अंक हासिल कर नए इतिहास का सृजन किया। इस उपलब्धि से यह साबित हो गया कि इंदौर न केवल स्वच्छता में, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी अग्रणी शहर बन चुका है।
समारोह में शामिल हुए महापौर
इस अवसर पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिल्ली के पर्यावरण भवन में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से अवॉर्ड ग्रहण किया। साथ ही सांसद शंकर लालवानी, एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा 'बबलू', अश्विनी शुक्ला और अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया भी मौजूद रहे।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा-'यह उपलब्धि इंदौरवासियों की जागरूकता और सहभागिता का परिणाम है। स्वच्छ हवा और प्रदूषण मुक्त वातावरण को बनाए रखने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। संयुक्त राष्ट्र द्वारा इंदौर को वेटलैंड सिटी का दर्जा भी इसी कार्यक्रम में प्रदान किया गया।' उन्होंने आगे कहा कि दो बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिलना इंदौर के लिए गर्व और खुशी की बात है।
इंदौर का स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में इंदौर ने देशभर के शहरों को पीछे छोड़ते हुए 200 में से 200 अंक प्राप्त किए। यह उपलब्धि बताती है कि इंदौर ने वायु गुणवत्ता में सुधार, हरित क्षेत्र विस्तार, स्वच्छता अभियान एवं पर्यावरणीय नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने पुरस्कार वितरण के अवसर पर कहा कि यह अवॉर्ड सिर्फ प्रशासन की उपलब्धि नहीं, बल्कि शहरवासियों के सहयोग से संभव हुआ है।
वेटलैंड सिटी का गौरव
इंदौर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा वेटलैंड सिटी का दर्जा भी दिया गया है। यह उपलब्धि प्रदेश के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। इसके तहत इंदौर को जल, पर्यावरण संरक्षण, और जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में भी विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।












