Naresh Bhagoria
1 Feb 2026
Naresh Bhagoria
1 Feb 2026
Naresh Bhagoria
1 Feb 2026
Aakash Waghmare
1 Feb 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम महान संत श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने का उद्घाटन किया। जैसे ही नाम की घोषणा हुई, पूरा परिसर ‘जय गुरु रविदास’ और ‘रविदास शक्ति’ के नारों से गूंज उठा। डेरा सचखंड बल्लां और अन्य जगहों से बड़ी संख्या में संगत और श्रद्धालु पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इसी कार्यक्रम के दौरान लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। हलवारा एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू और मुख्यमंत्री भगवंत मान मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने आदमपुर एयरपोर्ट से 3:45 बजे हलवारा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती का पावन अवसर है। उन्होंने पंजाब की धरती को नमन करते हुए देशवासियों को रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन समानता, समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश देता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनका रिश्ता गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से है। काशी के घाटों पर ही गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
प्रधानमंत्री ने यूनियन बजट का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में कई दवाएं सस्ती की गई हैं। गरीबों और बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। इस बजट में भी कैंसर की कई दवाओं को और सस्ता किया गया है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखना पंजाब की दलित राजनीति और सामाजिक चेतना के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। इसे सामाजिक सम्मान और संतुलन की राजनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
सुबह से ही डेरा सचखंड बल्लां में रौनक रही। गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जुड़े बैनर-पोस्टर लगाए गए। संगत ने झंडों और तस्वीरों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पूरा माहौल धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरा नजर आया।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पंजाब पुलिस और एसपीजी के जवान तैनात रहे। डीजीपी गौरव यादव ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
30 जनवरी से 1 फरवरी तक जालंधर को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया। इस दौरान ड्रोन, हेलिकॉप्टर और अन्य नागरिक उड़ानों पर रोक रही और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री डेरा सचखंड बल्लां में करीब 40 मिनट रुके। उन्होंने डेरा प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात की और संक्षिप्त संबोधन भी दिया। पूरे दौरे को श्रद्धा, सामाजिक समरसता और सम्मान के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।