इंदौर में युवाओं के लिए राहुल गांधी का ‘म्यूजिकल डोज’!दो घंटे गूंजेंगे सुर, एक घंटे राहुल गांधी से संवाद; ‘छात्रों की गूंज’ में युवाओं का खास शो

दौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। युवाओं को जोड़ने के लिए कांग्रेस ने कार्यक्रम में संगीत का भी खास इंतजाम किया है। राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने से पहले देश के दो चर्चित युवा गायक लश्करी और राघव चैतन्य अपनी लाइव प्रस्तुति देंगे। करीब दो घंटे तक चलने वाले इस म्यूजिकल सेशन के बाद राहुल गांधी मंच संभालेंगे और युवाओं से संवाद करेंगे।
संबंधित खबर: 12 सितंबर को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में ‘छात्रों की गूंज’कार्यक्रम: राहुल गांधी होंगे शामिल
दो घंटे संगीत, फिर राहुल गांधी का संवाद
कार्यक्रम के तय प्रारूप के मुताबिक, 19 सितंबर को राहुल गांधी के आने से पहले दोनों गायक मंच पर लाइव परफॉर्मेंस देंगे। करीब दो घंटे तक संगीत और लाइव परफॉर्मेंस का दौर चलेगा। दोनों कलाकार युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं, इसलिए कांग्रेस को उम्मीद है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पहुंचेंगे।इसके बाद राहुल गांधी मंच पर आएंगे और करीब एक घंटे तक युवाओं से संवाद करेंगे। हालांकि कार्यक्रम में युवाओं की संख्या और संवाद की स्थिति को देखते हुए राहुल गांधी का संवाद समय बढ़ भी सकता है। कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम को युवाओं के साथ सीधे संवाद के बड़े मंच के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
संबंधित खबर: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ के लिए कांग्रेस का बैकअप भी तैयार: खंडवा रोड से खालसा स्टेडियम तक खोज रहे हैं विकल्प
रीजनल पार्क के सामने का मैदान बना ‘भारत जोड़ो मैदान’
काफी समय से कार्यक्रम के लिए मैदान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब रीजनल पार्क के सामने का मैदान लगभग फाइनल हो गया है। कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थल को ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया है।आईडीए ने सशर्त तीन दिन के लिए अपने ग्राउंड के उपयोग की अनुमति दी है। हालांकि कांग्रेस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती तैयारियों के लिए मिलने वाला समय है।
संबंधित खबर: राहुल गांधी पर एफआईआर के खिलाफ सीहोर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
तीन दिन का ग्राउंड, तैयारी के लिए सिर्फ दो दिन
आईडीए से तीन दिन के लिए मैदान मिलने की अनुमति के बावजूद कांग्रेस चाहती है कि उसे एक-दो दिन पहले ही मैदान उपलब्ध करा दिया जाए, ताकि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।कांग्रेस नेताओं के सामने सवाल यह है कि यदि मैदान केवल तीन दिन के लिए मिला और तीसरे दिन ही मुख्य कार्यक्रम होना है तो इतने बड़े आयोजन की तैयारी महज दो दिनों में कैसे पूरी होगी। कार्यक्रम में बड़ा डोम, मंच, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य इंतजाम किए जाने हैं।इसी वजह से कांग्रेस आईडीए से मैदान पहले उपलब्ध कराने की कोशिश कर रही है, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
संबंधित खबर: राहुल गांधी का इंदौर दौरा टला, 12 नहीं अब 19 सितंबर को रीजनल पार्क में होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
राहुल गांधी की टीम ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राहुल गांधी की टीम भी सक्रिय हो गई है। शुक्रवार को केबी बायजू के साथ राहुल गांधी की टीम के सुशांत मिश्रा और मनोज त्यागी ने कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर आयोजन को लेकर चर्चा की।बैठक के बाद दोनों दिल्ली लौट गए। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की टीम के कुछ अन्य सदस्य भी जल्द इंदौर पहुंचेंगे और कार्यक्रम होने तक यहीं रहकर तैयारियों की निगरानी करेंगे।
संबंधित खबर: 19 सितंबर को राहुल गांधी का इंदौर दौरा, रीजनल पार्क में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में होंगे शामिल
रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही तय था मैदान
कांग्रेस ने जब से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया था, तभी से रीजनल पार्क के सामने के मैदान को कार्यक्रम स्थल के रूप में प्रचारित किया जा रहा था। हालांकि मैदान को लेकर अनुमति और अन्य अड़चनों के चलते अंतिम मंजूरी मिलने में समय लगा।अब आईडीए की सशर्त अनुमति के बाद स्थल लगभग तय हो गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां बड़े स्तर पर की जाएंगी और समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का प्रयास रहेगा।
संबंधित खबर: राहुल गांधी को बॉम्बे हाईकोर्ट से झटका, पीएम मोदी पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि केस में राहत नहीं
कार्यक्रम के बाद दिल्ली लौटेंगे राहुल
राहुल गांधी के 19 सितंबर को कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उसी दिन इंदौर से वापस लौटने की संभावना है। हालांकि यदि कार्यक्रम निर्धारित समय से काफी देर तक चलता है तो उनके 20 सितंबर की सुबह इंदौर से रवाना होने की संभावना भी जताई जा रही है।



















