12 सितंबर को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में ‘छात्रों की गूंज’कार्यक्रम: राहुल गांधी होंगे शामिल

इंदौर। कांग्रेस अब छात्र और युवा वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी प्रदेश स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ नाम से बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है। प्रस्तावित आयोजन 12 सितंबर को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में किया जा सकता है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। लांकि, राहुल गांधी के दौरे के साथ ही कार्यक्रम की अंतिम तारीख और आयोजन स्थल को लेकर अभी आधिकारिक मुहर लगना बाकी है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा जल्द ही अंतिम रूप ले सकती है।
जीतू पटवारी के निवास पर हुई बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में केबी बायजू, सतनारायण पटेल, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, सदाशिव यादव, संजय कामले और रीना बोरासी सहित कई नेता मौजूद रहे। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही छात्रों की भागीदारी बढ़ाने, जिम्मेदारियां तय करने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
इंदौर को मिली प्राथमिकता
कार्यक्रम के आयोजन के लिए शुरुआत में इंदौर और जबलपुर के नामों पर विचार किया गया था। बाद में इंदौर को प्राथमिकता दी गई। कांग्रेस का मानना है कि प्रदेश के प्रमुख शिक्षा केंद्रों में शामिल इंदौर में बड़ी संख्या में कॉलेज और विश्वविद्यालय हैं। ऐसे में यहां छात्रों और युवाओं की बड़ी भागीदारी जुटाई जा सकती है।
छात्रों के मुद्दों पर रहेगा फोकस
कांग्रेस इस मंच के जरिए छात्रों की समस्याओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रही है। पार्टी का उद्देश्य छात्र समुदाय से सीधे संवाद स्थापित करना और युवाओं के बीच अपनी बात पहुंचाना भी है। कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और एआईसीसी पदाधिकारियों के बीच प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। इंदौर में हो रही बैठकों के बाद आयोजन की तैयारियों को और गति मिलने की उम्मीद है।
50 हजार से ज्यादा युवाओं के पहुंचने का अनुमान
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि राहुल गांधी 12 सितंबर को मध्यप्रदेश के छात्रों और युवाओं से संवाद करने के लिए इंदौर आने वाले हैं। इस दौरान वे छात्रों की समस्याएं सुनेंगे और उनकी चिंताओं पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए नेहरू स्टेडियम को चिन्हित किया गया है और अनुमति के लिए नगर निगम कमिश्नर को आवेदन सौंपा गया है। कांग्रेस को कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक छात्रों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।




















