ताई के फोन के बाद भी नहीं जागी पुलिस:थाने में ही पीड़ित को धमकाते रहे आरोपी-पुलिस आयुक्त तक पहुंचा मारपीट का मामला

इंदौर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन (ताई) के फोन के बाद भी पुलिस ने पीड़ित की फरियाद गंभीरता से नहीं सुनी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने थाने में ही पीड़ित और उसकी बेटी को धमकाया और बाद में कारों में भरकर मोहल्ले में पहुंचकर दहशत फैलाने की कोशिश की। मामला पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह तक पहुंचने के बाद कार्रवाई हुई और एसीपी रुबिना मिजवानी तथा टीआई सियारामसिंह गुर्जर को तलब किया गया।
और पढ़ें: Eid-ul-Adha: यूपी में बकरीद की नमाज शुरू, सड़कों पर प्रतिबंध, हर शहर में पुलिस की सख्त निगरानी!
घटना नंदबाग कॉलोनी स्थित न्यू एकता नगर क्षेत्र की है। नगर निगम कर्मचारी अरविंद यादव के साथ राजेश चौहान, संगीता चौहान, विवेक चौहान, अमन चौहान, विक्की चौहान, मिथुन चौहान और अर्जुन चौहान ने कथित रूप से मारपीट की थी। अरविंद यादव पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के घर बागवानी का काम भी करता है।बताया गया है कि घटना के बाद अरविंद ने ताई को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद ताई ने संबंधित अधिकारियों को कॉल लगाया। बाद में उनके बेटे मिलिंद महाजन ने भी पुलिस अधिकारियों से बात की, लेकिन इसके बावजूद पीड़ित की तत्काल सुनवाई नहीं हुई।
अरविंद का आरोप है कि प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश ने पहले दूसरे पक्ष की एफआईआर दर्ज कर ली। इस दौरान अरविंद की बेटी ऋषिका, जो मेडिकल की पढ़ाई कर रही है, भी थाने में मौजूद थी। आरोप है कि आरोपी पिता-पुत्री को थाना परिसर में ही धमकाते रहे।मामला जब पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने खुद फरियादी को बुलाकर घटना की जानकारी ली। अरविंद ने एक पुलिसकर्मी पर रुपये लेने का आरोप भी लगाया था, हालांकि बाद में उसने इस आरोप से इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस आयुक्त ने एसीपी रुबिना मिजवानी और टीआई सियारामसिंह गुर्जर को तलब कर पूरे मामले की जानकारी ली। इधर पुलिस ने राजेश चौहान की शिकायत पर अरविंद यादव, पवन यादव और एक महिला के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।अरविंद यादव का कहना है कि आरोपी उसके घर के बाहर खड़े थे। विरोध करने पर उसे बाहर बुलाकर मारपीट की गई। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
और पढ़ें: सीधी में गुफा से मिला महिला का कंकाल : 15 दिन से लापता थी गुड़िया बैगा, पति भी दो दिन से गायब












