Eid-ul-Adha:यूपी में बकरीद की नमाज शुरू, सड़कों पर प्रतिबंध, हर शहर में पुलिस की सख्त निगरानी!

लखनऊ। पूरे उत्तर प्रदेश समेत देशभर में बकरीद यानी ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक उत्साह और शांति के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर मस्जिदों, ईदगाहों, दरगाहों और मदरसों में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। सुबह से ही शहरों में धार्मिक माहौल देखने को मिला और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। इसी बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। कई जिलों में ड्रोन, सीसीटीवी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
प्रमुख मस्जिदों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राजधानी लखनऊ में बकरीद के मौके पर सुबह से ही मस्जिदों में भारी भीड़ देखने को मिली। टीले वाली मस्जिद में सुबह 9 बजे, ऐशबाग ईदगाह में 10 बजे और बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में 11 बजे नमाज अदा की गई। इन सभी जगहों पर पुलिस ने कड़ा पहरा लगाया हुआ था। सुरक्षा को देखते हुए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और हर प्रमुख स्थान पर निगरानी रखी गई।
अलीगढ़ में दो शिफ्ट में हुई ईद की नमाज
अलीगढ़ की ईदगाह पर हजारों की संख्या में लोग नमाज के लिए पहुंचे। यहां नमाज दो अलग अलग शिफ्टों में कराई गई, जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 6:15 बजे और दूसरी शिफ्ट 7 बजे संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ईदगाह पर आरएएफ और पीएसी की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गईं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे इलाके पर नजर रखी गई ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें: संभल: दोस्त ने की दोस्त की हत्या, स्विमिंग पूल में डुबोकर मार डाला; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
वाराणसी में 400 मस्जिदों में नमाज संपन्न
वाराणसी में ईद-उल-अजहा के अवसर पर सुबह से ही नमाज का सिलसिला शुरू हो गया। शहर की लगभग 400 मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा की। फातमान रोड स्थित ईदगाह पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और सुबह 6 बजे से लेकर 10 बजे तक नमाज का दौर चला। प्रशासन ने साफ निर्देश दिए थे कि सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं होगी, जिसका पालन भी किया गया। पूरे शहर में पुलिस, सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी गई।
इटावा में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई नमाज
इटावा में भी बकरीद की नमाज दो शिफ्टों में ईदगाह के अंदर ही कराई गई। बड़ी संख्या में लोग ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा की। प्रशासन की ओर से पहले ही पीस कमेटी की बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। जिले के डीएम और अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण रखा गया।
संभल में संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर
संभल में बकरीद की नमाज को लेकर प्रशासन ने बेहद सख्त सुरक्षा व्यवस्था की थी। बड़ी ईदगाह में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा की गई। जिले को 5 जोन और 16 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा प्रबंधन किया गया। विवादित जामा मस्जिद समेत कई इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी गई। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी गई ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गड़बड़ी को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव क्यों टले ? जानिए 2027 के बाद होने की बड़ी वजह
आजमगढ़ और अन्य जिलों में अमन के साथ बकरीद
आजमगढ़ में भी बकरीद का त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। जिले की कई मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और अमन की दुआ मांगी। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।











