PlayBreaking News

सीधी में गुफा से मिला महिला का कंकाल :15 दिन से लापता थी गुड़िया बैगा, पति भी दो दिन से गायब

सीधी के कुसमी इलाके में जंगल की गुफा से महिला का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। 15 दिन से लापता गुड़िया बैगा की पहचान हुई है, जबकि उसका पति भी दो दिन से गायब बताया जा रहा है। पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
Follow on Google News
15 दिन से लापता थी गुड़िया बैगा, पति भी दो दिन से गायब

सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के कुन्दौर गांव में एक गुफा से महिला का कंकाल मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने माटी डोंगर पहाड़ की एक गुफा के अंदर कंबल में लिपटा शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घने जंगल और पहाड़ी इलाके में स्थित इस गुफा तक पहुंचना आसान नहीं था। सूचना मिलने के बाद पोड़ी चौकी और कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने कंबल हटाया तो शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और कंकाल में बदल गया था। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शव की पहचान करीब 15 दिन से लापता गुड़िया बैगा के रूप में की। पुलिसकर्मी काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को जंगल से बाहर लेकर आए। इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

80 किलोमीटर दूर जंगल में मिली लाश

बताया जा रहा है कि यह गुफा सीधी जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को काफी कठिन रास्तों से गुजरना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार दोपहर के समय कुछ लोग जंगल की ओर गए थे, तभी उनकी नजर गुफा के अंदर पड़े कंबल पर पड़ी। शक होने पर पास जाकर देखा तो वहां शव पड़ा हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की। शव की हालत इतनी खराब थी कि वह पूरी तरह कंकाल में बदल चुका था।

पहचान के बाद खुला लापता महिला का मामला

गांव के लोगों ने शव की पहचान गुड़िया बैगा के रूप में की। बताया गया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से गांव से लापता थी। परिवार और ग्रामीणों को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। ग्रामीण सत्यवान बैगा ने बताया कि महिला के अचानक गायब होने के बाद गांव में चर्चा जरूर थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसका शव इस हालत में जंगल की गुफा में मिलेगा।

Breaking News

पति भी दो दिन से गांव से गायब

मामले में सबसे ज्यादा शक महिला के पति बुद्धसेन बैगा पर जताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक पत्नी के लापता होने के बाद उसने न तो उसे तलाशने की कोशिश की और न ही पुलिस को कोई सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि बुद्धसेन बैगा पिछले दो दिनों से गांव में दिखाई भी नहीं दिया है। इसके बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस भी पति की तलाश में जुट गई है।

ये भी पढ़ें: डीजल महंगा, बढ़ी ऑपरेटिंग कॉस्ट ; इंदौर में 1 जून से ट्रांसपोर्ट भाड़ा 20% तक बढ़ेगा

हत्या की आशंका, हर एंगल से जांच

कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि ग्रामीणों ने शव की पहचान गुड़िया बैगा के रूप में की है। पहली नजर में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शव काफी पुराना था और उसे कंबल में लपेटकर गुफा के अंदर रखा गया था। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। घटनास्थल पर थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी, चौकी प्रभारी डीके रावत समेत पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और महिला के पति की तलाश भी जारी है। करीब 30 वर्षीय महिला की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts