घर को हॉस्टल और चाय की दुकान को रेस्टोरेंट बनाया तो खैर नहीं! इंदौर निगम चलाएगा बड़ा अभियान

इंदौर। शहर में बिना लाइसेंस होटल, हॉस्टल और रेस्टोरेंट का संचालन करने वालों के खिलाफ नगर निगम अब अभियान चलाने की तैयारी में है। निगम के राजस्व विभाग ने ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर कार्रवाई करने का फैसला किया है। अभियान शुरू करने से पहले संचालकों को अंतिम चेतावनी दी गई है कि वे नियमों के अनुसार नगर निगम से आवश्यक लाइसेंस प्राप्त कर लें।
ये भी पढ़ें: इंदौर में नो कार डे: आठ चौराहों पर 30% कम हुई कारों की आवाजाही, अफसरों ने चुनी ईवी
घर को ही बना दिया हॉस्टल, बिना लाइसेंस चल रहा कारोबार
नगर निगम के राजस्व विभाग के अपर आयुक्त आकाश सिंह के मुताबिक, शहर के अलग-अलग इलाकों में होटल, हॉस्टल और रेस्टोरेंट बड़ी संख्या में संचालित हो रहे हैं। इनमें खास तौर पर हॉस्टल की स्थिति ज्यादा चिंताजनक बताई जा रही है।कई लोगों ने अपने मकानों को ही हॉस्टल के रूप में तब्दील कर लिया है। घर के कमरे छात्रों को किराए पर दिए जा रहे हैं और बाहर हॉस्टल का बोर्ड भी लगा दिया गया है। इसके बावजूद हॉस्टल संचालन के लिए नगर निगम से आवश्यक लाइसेंस नहीं लिया गया है।
ये भी पढ़ें: रावतपुरा फेस-2 में चला निगम का बुलडोजर, बिना नक्शे बने 40 मकानों पर कार्रवाई
भंवरकुआं से विजय नगर तक बड़ी संख्या में हॉस्टल
निगम के मुताबिक, भंवरकुआं क्षेत्र की कॉलोनियों, गीता भवन, रानी सती कॉलोनी और विजय नगर सहित कई इलाकों में बड़ी संख्या में हॉस्टल संचालित हो रहे हैं। इनकी संख्या इतनी अधिक है कि इनकी गणना करना भी चुनौतीपूर्ण है।निगम का कहना है कि जिन लोगों ने आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर रखी हैं, उन्हें भी नियमों के दायरे में लाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: इंदौर में पुराने पेड़ों की सुध लेगा निगम, किया जाएगा सर्वे, विशेषज्ञ समिति मजबूती का करेंगी आकलन
चाय-नाश्ते की दुकान के नाम पर रेस्टोरेंट
शहर में बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट भी संचालित हो रहे हैं। निगम को शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ जगहों पर रेस्टोरेंट का संचालन चाय-नाश्ते की दुकान के रूप में किया जा रहा है, जबकि इसके लिए जरूरी नगर निगम लाइसेंस नहीं लिया गया है।लगातार मिल रही शिकायतों के बाद राजस्व विभाग ने होटल, हॉस्टल और रेस्टोरेंट की जांच कर कार्रवाई का अभियान शुरू करने की तैयारी की है।
ये भी पढ़ें: रायपुर में 160 हाईटेक कैमरों से कचरा फेंकने वालों पर शिकंजा,अब कैमरे बताएंगे कौन फैला रहा गंदगी
अभी इतने प्रतिष्ठानों के पास लाइसेंस
नगर निगम के अनुसार वर्तमान में अलग-अलग उपयोग के लिए लिए गए लाइसेंस में होटल, हॉस्टल और रेस्टोरेंट की संख्या इस प्रकार है—
| व्यावसायिक प्रतिष्ठान | लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठान |
|---|---|
| होटल | 460 |
| हॉस्टल | 140 |
| रेस्टोरेंट | 280 |
अभियान से पहले अंतिम चेतावनी
नगर निगम ने कार्रवाई शुरू करने से पहले संचालकों को अंतिम चेतावनी दी है। उनसे कहा गया है कि वे अपने व्यावसायिक एस्टेब्लिशमेंट के लिए नियमानुसार नगर निगम से लाइसेंस प्राप्त कर लें।



















