इंदौर में गुजरात से आया 1750 लीटर घी जब्त:सैंपल जांच के लिए भेजे

इंदौर में त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्कीम नंबर-51 स्थित मां बगलामुखी एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान गुजरात में निर्मित मंथन और श्री आनंद ब्रांड का करीब 1750 लीटर घी जब्त किया गया। जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 6.80 लाख रुपये बताई गई है।
संबंधित खबर: भोपाल में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: डेयरियों से 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, लैब भेजे गए सैंपल
अलग-अलग बैच से लिए 18 नमूने
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में दोनों ब्रांड का घी अलग-अलग पैकिंग साइज और बैच में बिक्री के लिए रखा मिला। अधिकारियों ने विभिन्न पैकिंग साइज और अलग-अलग बैच से कुल 18 नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक संबंधित घी गुजरात में निर्मित होकर इंदौर पहुंचा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि दूसरे राज्यों से मध्यप्रदेश में आने वाले घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत निर्माता, डिपो, थोक विक्रेताओं और बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर लगातार नमूने लिए जा रहे हैं।
संबंधित खबर: जेप्टो के बाद Zomato के वेयरहाउस पर रेड, फूड सेफ्टी टीम ने सील किए सैंपल
जांच रिपोर्ट तक बिक्री पर रोक
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर उपलब्ध करीब 1750 लीटर घी को जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया है। अब प्रयोगशाला जांच से घी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में घी अमानक, मिलावटी या असुरक्षित पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबर: खंडवा में बृजवासी घी पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 153 लीटर घी जब्त
त्योहारों से पहले बढ़ाई निगरानी
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के तहत खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबर: इटारसी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: 212 किलो संदिग्ध घी बरामद, 5 सैंपल लिए
“अमानक खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। आने वाले दिनों में भी खाद्य पदार्थों की जांच जारी रहेगी। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।” — शिवम वर्मा, कलेक्टर












