🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

खंडवा में बृजवासी घी पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 153 लीटर घी जब्त

खंडवा में कम कीमत पर देसी घी बिकने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित डॉली एरोमेटिक पर छापा मारकर 153 लीटर बृजवासी घी जब्त किया। घी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने तक घी को नकली या अमानक नहीं माना जा सकता।
Follow on Google News
खंडवा में बृजवासी घी पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 153 लीटर घी जब्त
खंडवा में फ़ूड सेफ्टी विभाग ने डॉली एरोमेटिक पर छापा मारकर 153 लीटर बृजवासी देसी घी जब्त किया है।

खंडवा। फूड सेफ्टी विभाग द्वारा नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रविवार को खंडवा में बृजवासी घी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बाजार में कम कीमत पर देसी घी बिकने की शिकायत के बाद टीम ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित डॉली एरोमेटिक पर छापा मारकर 153 लीटर बृजवासी देसी घी जब्त कर सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं। विभाग के अनुसार, जब्त किए गए घी की अनुमानित कीमत करीब 77 हजार रुपए है। वहीं, यदि शुद्ध देसी घी का बाजार भाव करीब 900 रुपए प्रति किलो माना जाए और 153 लीटर घी को लगभग 153 किलो के बराबर माना जाए, तो इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 37 हजार 700 रुपए, यानी लगभग 1.38 लाख रुपए होती है।

शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने की कार्रवाई 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि ऐसी शिकायत मिली थी कि संबंधित प्रतिष्ठान पर देसी घी बाजार की प्रचलित कीमत की तुलना में काफी कम दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने मामले का संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान 153 लीटर बृजवासी देसी घी जब्त किया गया तथा इसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

ये भी पढ़ें: भीगा पूर्वी मप्र-डिंडौरी में 9 घंटे में 6 इंच पानी; कच्चा मकान ढहने से मासूम की मौत, बालाघाट में सवा 2 इंच बरसा, उमरिया में जोहिला डेम के 6 गेट खोले

कम कीमत पर बिक्री से गुणवत्ता पर उठे सवाल

खाद्य अधिकारी ने आगे कहा कि जिस कीमत पर घी उपलब्ध कराया जा रहा था, उसे देखते हुए उसकी गुणवत्ता को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। अधिकारी के अनुसार, निर्धारित गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने वाला शुद्ध देसी घी इतनी कम कीमत पर उपलब्ध होना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसी आशंका और प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए घी के सैंपल लिए और मौके पर उपलब्ध स्टॉक को जब्त कर लिया। बता दें कि अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल कम कीमत पर घी बिकने के आधार पर उसे नकली या अमानक घोषित नहीं किया जा सकता। घी वास्तव में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं, इसकी अंतिम पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

दूध और दूध से जुड़े उत्पादों के भी लिए जा रहे सैंपल 

खाद्य विभाग की कार्रवाई केवल घी तक सीमित नहीं है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे अभियान के तहत दूध और दूध से जुड़े अन्य खाद्य पदार्थों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं। बाजार में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है और जहां भी मिलावट या अमानक खाद्य पदार्थ की आशंका सामने आ रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: खेत में 5 लाख रुपये गाड़कर भूल गया किसान, सालभर बाद मिले तो दीमक चट कर चुकी थी रकम

Satyendra Thakur
By Satyendra Thakur
icon

Latest Posts