अपनी ही अधिकारी को तीन महीने में नहीं ढूंढ सकी पुलिस, फरार निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर इनाम बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया

कटनी। कटनी की तत्कालीन सीएसपी रही निलंबित अधिकारी नेहा पच्चीसिया समेत तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने अब इनाम की राशि बढ़ाकर 30-30 हजार रुपए कर दी है। तीनों आरोपी पिछले तीन माह से लगातार फरार चल रहे हैं, लेकिन अब तक न तो एसआईटी (SIT) जबलपुर की टीम उन्हें पकड़ सकी है और न ही स्थानीय पुलिस के हाथ कोई सफलता लगी है। हाल ही में हाईकोर्ट जबलपुर ने नेहा पच्चीसिया के खिलाफ दर्ज एफआईआर (FIR) को रद्द करने की याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए यह स्पष्ट किया कि मामले में लगाए गए गंभीर आरोपों, वित्तीय लेन-देन और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की गहन एवं निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
यह है पूरा मामला
यह मामला 19 अगस्त 2026 को कटनी के कुठला थाने में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। कुठला थाने में दर्ज एक हत्या के प्रकरण में आरोपियों रमेश लोधी और उसके बेटे आकाश लोधी को बचाने के लिए निर्धारित समय में चालान (आरोप पत्र) कोर्ट में पेश न कर उन्हें डिफॉल्ट जमानत का लाभ दिलाने तथा उनकी कीमती जमीन का सौदा काफी कम कीमत पर कराने के मामले में तत्कालीन सीएसपी नेहा पच्चीसिया, मारूफ अहमद हनफी और नेहा के करीबी क्षितिज राज बारापात्रे की मुख्य भूमिका सामने आई थी।
पहले 20 हजार था इनाम, अब बढ़ाया
एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे आरोपी नेहा पच्चीसिया, मारूफ अहमद हनफी और क्षितिज राज बारापात्रे की गिरफ्तारी पर पुलिस ने पहले 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, जिसे अब बढ़ाकर 30-30 हजार रुपए कर दिया गया है।
एफआईआर दर्ज करने के बाद किया गया था सस्पेंड
इसकी शिकायत होने पर एसपी जबलपुर द्वारा की गई जांच के बाद कुठला थाने में तत्कालीन सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित तीनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर 19 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (61, 198, 199(बी), 308(7), 318(4), 316(2), 316(5)) के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(सी), 12 और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद विभाग ने सीएसपी नेहा पच्चीसिया को निलंबित कर दिया था।
छब्बू कोल हत्याकांड से जुड़े हैं तार
यह पूरा घटनाक्रम छब्बू कोल हत्याकांड से जुड़ा बताया जा रहा है। कुठला थाना अंतर्गत 1 अप्रैल 2026 को छब्बू कोल का शव रमेश लोधी के खेत में मिला था, जिसकी जांच तत्कालीन सीएसपी नेहा पच्चीसिया कर रही थीं। इस हत्याकांड में रमेश लोधी और उनके बेटे आकाश लोधी को आरोपी बनाया गया था।
ये भी पढ़ें: कटनी का किसना ज्वेलर्स चोरी कांड: पुलिस को मिले अहम सुराग, दो संदिग्धों के फिंगरप्रिंट रिपोर्ट से हुए मैच




















