🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

भोपाल में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: डेयरियों से 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, लैब भेजे गए सैंपल

भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने देर रात से गुरुवार तड़के तक कई डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.10 लाख रुपए बताई गई है। पनीर के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ होगी।
Follow on Google News
भोपाल में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: डेयरियों से 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, लैब भेजे गए सैंपल
भोपाल में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन

भोपाल। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के निर्देश पर उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जैन डेयरी कोलार, न्यू कृष्णा डेयरी, नादरा बस स्टैंड और नेशनल डेयरी समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड और आईएसबीटी क्षेत्र में भी सुबह करीब 4 बजे से जांच की। विभाग अब संगठित रिटेल और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी नजर रख रहा है, ताकि पनीर के नाम पर किसी वैकल्पिक उत्पाद की बिक्री न हो सके।

275 किलो पनीर जब्त, लैब में होगी गुणवत्ता की जांच

जांच के दौरान विभाग की टीम ने करीब 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। जब्त किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई गई है। अधिकारियों ने मौके से पनीर के विधिवत नमूने लिए और उन्हें खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया है। विभाग ने साफ किया है कि अभी जब्त किए गए पनीर को एनालॉग पनीर नहीं माना गया है, इसलिए प्रयोगशाला रिपोर्ट आने से पहले इसकी गुणवत्ता को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या इसमें किसी वैकल्पिक या वनस्पति वसा आधारित उत्पाद का इस्तेमाल किया गया है।

एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक के बाद निगरानी बढ़ी

एनालॉग पनीर की बिक्री और सप्लाई पर रोक के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में जांच और निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में भोपाल की डेटा कॉलोनी स्थित D-Mart Ready का भी निरीक्षण किया गया, जहां टीम ने पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए। अधिकारियों ने उत्पादों की गुणवत्ता के साथ उनकी लेबलिंग, पैकेजिंग और निर्माण संबंधी जानकारी की भी जांच की। इसके अलावा उत्पादों की बिक्री और सप्लाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी देखे गए। विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं किसी वैकल्पिक या वनस्पति वसा आधारित उत्पाद को पनीर के नाम पर ग्राहकों को तो नहीं बेचा जा रहा है।

पायलट ने नशा किया था या नहीं? गांजा फूंककर पायलट ने उड़ाई फ्लाइट? डोप टेस्ट कैसे खोलता है नशे का राज, जानें पूरा मामला

Blinkit, D-Mart और Flipkart पर भी नजर

खाद्य सुरक्षा विभाग अब केवल डेयरियों और दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि ई-कॉमर्स और संगठित रिटेल प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी कर रहा है। Blinkit, D-Mart, Flipkart और Reliance Mall समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध पनीर और दुग्ध उत्पादों की भी जांच की जा रही है। टीम यह देख रही है कि उत्पादों की लेबलिंग और पैकेजिंग नियमानुसार है या नहीं और कहीं एनालॉग अथवा किसी अन्य वैकल्पिक उत्पाद को पनीर के नाम से तो नहीं बेचा जा रहा है। अगर प्रयोगशाला जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही जब्त पनीर की संरचना और गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति सामने आएगी।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

icon

Latest Posts