नेपाल जाने के लिए पासपोर्ट जरूरी या आधार कार्ड से भी बनेगा काम? नई ट्रेन शुरू होते ही जान लें नियम

नेपाल जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधे ट्रेन से सफर किया जा सकेगा। 23 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वर्चुअली इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों को नेपाल से जोड़ेगी। इससे राम और सीता से जुड़े धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों देशों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक रिश्तों को भी बढ़ावा मिलेगा। नई ट्रेन शुरू होने के बाद कई लोग नेपाल घूमने का प्लान बना रहे हैं। लेकिन यात्रा की तैयारी करते समय एक जरूरी सवाल सामने आता है कि क्या नेपाल जाने के लिए पासपोर्ट होना जरूरी है? क्या आधार कार्ड से भी वहां जा सकते हैं? भारत और नेपाल के बीच वीजा की जरूरत नहीं होती, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि बिना पहचान पत्र के यात्रा की जा सकती है। भारतीय नागरिकों को नेपाल जाते समय मान्य पहचान दस्तावेज साथ रखना जरूरी है।
हफ्ते में एक दिन चलेगी अयोध्या-जनकपुर ट्रेन
अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच शुरू की गई इस ट्रेन का नाम सरयू-कमला एक्सप्रेस है। यह करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और सफर में लगभग 19 घंटे लगेंगे। ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
ट्रेन के रूट और समय से जुड़ी जरूरी बातें:
- अयोध्या कैंट से ट्रेन हर सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी।
- यह मंगलवार को नेपाल के समय के अनुसार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।
- वापसी में जनकपुर धाम से हर शनिवार दोपहर 1:10 बजे ट्रेन चलेगी।
- रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
- रास्ते में मंकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन आएंगे।
इस ट्रेन से यात्रियों को रास्ते में बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या नेपाल जाने के लिए पासपोर्ट जरूरी है?
भारत और नेपाल के बीच अच्छे संबंधों और खुली सीमा व्यवस्था के कारण भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा नहीं लेना पड़ता। हालांकि, यात्रा के दौरान अपनी पहचान साबित करने के लिए जरूरी दस्तावेज रखना अनिवार्य है। भारतीय दूतावास की जानकारी के मुताबिक, भारतीय नागरिकों के लिए पासपोर्ट या चुनाव आयोग की ओर से जारी फोटो वाला मूल वोटर आईडी कार्ड मान्य है। यानी अगर आपके पास पासपोर्ट नहीं है, तो आप मूल वोटर आईडी कार्ड के साथ भी नेपाल की यात्रा कर सकते हैं।
नेपाल जाने के लिए इन दस्तावेजों का ध्यान रखें:
- वैध भारतीय पासपोर्ट
- चुनाव आयोग की ओर से जारी मूल फोटो वाला वोटर आईडी कार्ड
यात्रा से पहले अपने दस्तावेजों की वैधता और उनकी स्थिति जरूर जांच लें।
क्या आधार कार्ड से नेपाल जा सकते हैं?
नेपाल जाने वाले भारतीयों के बीच आधार कार्ड को लेकर सबसे ज्यादा उलझन रहती है। भारत में आधार कार्ड का इस्तेमाल पहचान के लिए कई जगह किया जाता है, लेकिन नेपाल की यात्रा के लिए यह मान्य दस्तावेज नहीं है। भारतीय दूतावास और नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के इमिग्रेशन कार्यालय की जानकारी के मुताबिक, आधार कार्ड से नेपाल में प्रवेश नहीं मिल सकता। पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस को भी सामान्य यात्रा दस्तावेज के रूप में स्वीकार नहीं किया जाता। इसलिए केवल आधार कार्ड लेकर नेपाल जाने का प्लान न बनाएं।
ये भी पढ़ें: PU Special : पर्यटन स्थल के रूप में डेवलप हो रहा बैतूल जिले का कुकरू बनेगा एमपी में कॉफी उत्पादन का हब
मोबाइल में ID की फोटो दिखाने से नहीं चलेगा काम
नेपाल जाने के लिए सिर्फ पहचान पत्र की फोटो, स्क्रीनशॉट या स्कैन कॉपी लेकर जाना भी सही नहीं है। यात्रियों को अपना मूल और वैध पहचान पत्र साथ रखना चाहिए। खासकर हवाई यात्रा करने वालों के दस्तावेजों की एयरपोर्ट पर जांच होती है। इसलिए यात्रा से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके पास मूल पासपोर्ट या चुनाव आयोग की ओर से जारी फोटो वाला वोटर आईडी कार्ड मौजूद है। केवल मोबाइल में सेव दस्तावेज पर निर्भर रहने से परेशानी हो सकती है।
बच्चों के साथ जा रहे हैं तो इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप परिवार के साथ नेपाल जा रहे हैं और बच्चों के पास पासपोर्ट या वोटर आईडी नहीं है, तो उनके लिए अलग नियम लागू हो सकते हैं। नेपाल के इमिग्रेशन कार्यालय की जानकारी के मुताबिक, भारतीय नाबालिग बच्चों के लिए जन्म पंजीकरण प्रमाण पत्र के आधार पर प्रवेश की अनुमति मिल सकती है। इसलिए बच्चों के साथ यात्रा करने से पहले संबंधित इमिग्रेशन कार्यालय या एयरलाइन से दस्तावेजों की जानकारी जरूर ले लें। अयोध्या से जनकपुर तक नई ट्रेन शुरू होने से नेपाल की यात्रा आसान होगी। लेकिन सफर पर निकलने से पहले जरूरी दस्तावेज साथ रखना न भूलें। भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं है, लेकिन मान्य पहचान पत्र जरूरी है। आधार कार्ड को यात्रा दस्तावेज मानकर चलना सही नहीं होगा।




















