सर्दियों में घर पर ऐसे धोएं भारी कंबल, इन 6 आसान टिप्स से खराब नहीं होंगे रेशे और वॉशिंग मशीन

कई लोग कंबल ड्राई क्लीन करवाते हैं, तो कुछ घर पर ही धोना पसंद करते हैं। हालांकि, वॉशिंग मशीन में गलत सेटिंग या ज्यादा वजन डालने से कंबल के रेशे खराब हो सकते हैं और मशीन की मोटर पर भी दबाव पड़ सकता है। सही तरीका अपनाकर कंबल को आसानी से साफ किया जा सकता है।
सबसे पहले कंबल का वॉशिंग लेबल जरूर देखें
कंबल धोने से पहले उस पर लगे केयर लेबल को ध्यान से पढ़ें। अगर उस पर 'Dry Clean Only' या 'Hand Wash Only' लिखा है, तो उसे वॉशिंग मशीन में धोने से बचें। कॉटन, फ्लीस, माइक्रोफाइबर और मशीन में धोने योग्य ऊनी कंबल को मशीन में साफ किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: Indore Diwali Celebration: 11 साल से गरीब बच्चों के साथ दिवाली मना रही संस्था, 100 बच्चों को मॉल घुमाकर बांटी खुशियां
दाग वाली जगह पर पहले करें सफाई
कंबल पर चाय, कॉफी, तेल या पसीने के निशान हैं, तो उसे सीधे मशीन में डालने के बजाय पहले दाग साफ करें। इसके लिए धुलाई से 15 से 20 मिनट पहले प्रभावित हिस्से पर हल्का लिक्विड डिटर्जेंट या बेकिंग सोडा का पेस्ट लगाएं और उंगलियों से हल्के हाथों से रगड़ें।
मशीन की क्षमता के हिसाब से डालें कंबल
हल्के या सिंगल बेड के कंबल 6 से 7 किलोग्राम क्षमता वाली वॉशिंग मशीन में धोए जा सकते हैं। वहीं, भारी या क्वीन और किंग साइज के कंबल के लिए 8 से 10 किलोग्राम क्षमता वाली मशीन बेहतर रहती है। कंबल को मोड़कर या लपेटकर ड्रम में रखें, ताकि वह एक तरफ इकट्ठा न हो।
लिक्विड डिटर्जेंट और ठंडे पानी का करें इस्तेमाल
कंबल धोने के लिए लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। यह ठंडे या हल्के गुनगुने पानी में आसानी से घुल जाता है और रेशों पर पाउडर के निशान नहीं छोड़ता। पानी का तापमान भी ध्यान में रखें, क्योंकि ज्यादा गर्म पानी से कंबल सिकुड़ सकता है।
वॉशिंग मशीन में सही मोड चुनना जरूरी
कंबल धोते समय मशीन में Delicate, Gentle या Wool/Blanket मोड का चयन करें। अगर फैब्रिक सॉफ्टनर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो ऊनी और माइक्रोफाइबर कंबल के मामले में सावधानी बरतें, क्योंकि इससे उनकी नमी सोखने की क्षमता कम हो सकती है।
धुलाई के बाद सही तरीके से सुखाएं कंबल
मशीन में धुलाई पूरी होने के बाद कंबल को तुरंत बाहर निकालें और हल्का झटककर धूप में सुखाएं। इसे दो रस्सियों या किसी चौड़ी जगह पर फैलाकर रखें, ताकि उसका आकार बना रहे। अगर ड्रायर का इस्तेमाल करते हैं, तो लो हीट सेटिंग रखें और बीच-बीच में कंबल को पलटते रहें।




















