इंदौर का भंवरकुआ बना 'दिल्ली का जंतर-मंतर':रातभर गूंजेते हैं 'जय हिंद' तक के नारे

इंदौर। नीट परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर इंदौर का भंवरकुआं चौराहा इन दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर की तस्वीर पेश कर रहा है। राजधानी दिल्ली की तर्ज पर यहां भी विद्यार्थियों का धरना लगातार जारी है। देर रात तक बड़ी संख्या में छात्र फ्लाईओवर के नीचे एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन के दौरान 'जय भीम', 'जय हिंद' और 'भारत माता की जय' के ना
रे भी गूंजते रहे।
विद्यार्थियों का कहना है कि वे परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष कार्रवाई और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर कई छात्र हाथों में मांगों से जुड़ी तख्तियां लिए हुए नजर आए, जबकि साउंड सिस्टम के माध्यम से वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। हालांकि फ्लाईओवर के नीचे होने के कारण ध्वनि व्यवस्था प्रभावी नहीं रही और आवाज सभी तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच सकी।
प्रदर्शन स्थल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से कई विद्यार्थियों ने अपने मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर व्यवस्था बनाई। देर रात तक छात्र वहीं डटे रहे और समय-समय पर नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था भी होती रही। समय-समय पर खाद्य सामग्री के पैकेट प्रदर्शनकारियों के बीच वितरित किए गए। हालांकि यह व्यवस्था किसकी ओर से की जा रही थी, इसकी आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
यह भी देखें: NEET विवाद पर आज जंतर-मंतर में CJP का शक्ति प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों के लिए मुआवजे की मांग
उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर देश के विभिन्न शहरों में छात्र संगठन और अभ्यर्थी अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इंदौर का भंवरकुआं चौराहा भी अब विद्यार्थियों के आंदोलन का प्रमुख केंद्र बन चुका है और लगातार बढ़ रही भीड़ के कारण इसे 'दिल्ली का जंतर-मंतर' कहा जाने लगा है।












