MP Rajya Sabha By Election: हरदीप सिंह पुरी आज भोपाल में भरेंगे नामांकन, CM डॉ. मोहन यादव समेत BJP के दिग्गज रहेंगे मौजूद

मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार को भोपाल में राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने उन्हें मध्य प्रदेश से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। हरदीप सिंह पुरी शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंच चुके हैं। आज सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में वह विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र जमा करेंगे। इस दौरान प्रदेश की राजनीति के कई बड़े चेहरे मौजूद रह सकते हैं। खास बात यह है कि मंत्री कृष्णा गौर हरदीप सिंह पुरी के नामांकन में प्रस्तावक बनेंगी।
आज करेंगे राज्यसभा उपचुनाव का नामांकन
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित किया था। उम्मीदवार घोषित होने के बाद से ही उनके नामांकन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शुक्रवार देर रात हरदीप सिंह पुरी भोपाल पहुंचे। शनिवार सुबह वह विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
मध्यप्रदेश से हरदीप पुरी को राज्यसभा भेजने पर कांग्रेस का विरोध, भोपाल में फूंका पुतला
कृष्णा गौर बनेंगी हरदीप सिंह पुरी की प्रस्तावक
हरदीप सिंह पुरी के नामांकन में मध्य प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर प्रस्तावक की भूमिका निभाएंगी। उन्होंने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में नामांकन के लिए प्रस्तावक के रूप में सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए। कृष्णा गौर के प्रस्तावक बनने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया को लेकर पार्टी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया जाएगा।
डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी राज्यसभा सीट
मध्य प्रदेश की जिस राज्यसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है, वह केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। डॉ. एल. मुरुगन ने 13 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। उनके इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हो गई, जिस पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है।
मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर 31 अक्टूबर तक भाजपा खोलेगी पत्ते, बाहरी प्रत्याशी के आसार
कौन हैं हरदीप सिंह पुरी?
हरदीप सिंह पुरी भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्र सरकार में मंत्री हैं। वह पूर्व राजनयिक भी रहे हैं। भारतीय विदेश सेवा में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। केंद्र सरकार में वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों और प्रशासनिक अनुभव के कारण उन्हें भाजपा के अनुभवी नेताओं में गिना जाता है। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उनकी उम्मीदवारी को लेकर अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और आगे की चुनावी औपचारिकताओं पर टिकी हैं।



















