Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंडियन कोस्ट गार्ड के डीजी राकेश पाल का निधन, दिल का दौरा पड़ने से चेन्नई में ली आखिरी सांस

Follow on Google News
इंडियन कोस्ट गार्ड के डीजी राकेश पाल का निधन, दिल का दौरा पड़ने से चेन्नई में ली आखिरी सांस
चेन्नई। भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) के महानिदेशक (DG) राकेश पाल का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से चेन्नई में निधन हो गया। अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। राकेश पाल को बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे राजीव गांधी जनरल अस्पताल (आरजीजीजीएच) में भर्ती कराया गया था। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अस्पताल में जाकर राकेश पाल को श्रद्धांजलि अर्पित की, उनका पार्थिव शरीर दिल्ली लाया जाएगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने व्यक्त किया शोक

इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) के डीजी के निधन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा कि चेन्नई में आज भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक राकेश पाल के असामयिक निधन पर गहरा दुख हुआ। वे योग्य और प्रतिबद्ध अधिकारी थे, जिनके नेतृत्व में ICG भारत की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में बड़ी प्रगति कर रहा था। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

चेन्नई में रक्षामंत्री के साथ थे डीजी पाल

बता दें कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को चेन्नई में तटरक्षक बल के समुद्री बचाव और समन्वय केंद्र की नई इमारत का उद्घाटन किया था। इस समारोह का समन्वय करने के लिए भारतीय तटरक्षक बल के डीजी राकेश पाल चेन्नई में थे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ कुछ नई सुविधाओं का उद्घाटन करने के लिए एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राकेश पाल को जुलाई 2023 में भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) का 25वां डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया था।

कौन थे राकेश पाल?

राकेश पाल उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। वे भारतीय नौसेना अकेडमी के पूर्व छात्र और जनवरी 1989 में भारतीय तटरक्षक बल में शामिल हुए थे। उन्होंने द्रोणाचार्य, भारतीय नौसेना स्कूल, कोच्चि और यूके में इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स फायर कंट्रोल सॉल्यूशन कोर्स से गनरी और हथियार प्रणालियों में पेशेवर विशेषज्ञता हासिल की थी। राकेश पाल अपने 35 साल से अधिक के करियर में फ्लैग ऑफिसर ने कई प्रमुख पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं, जिनमें कमांडर तटरक्षक क्षेत्र (उत्तर पश्चिम), गांधीनगर, डिप्टी डायरेक्ट जनरल (नीति और योजना), और तटरक्षक मुख्यालय, नई दिल्ली में एडिशनल डायरेक्टर जनरल तटरक्षक शामिल है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts