हूतियों के हमले रुकने के बाद पाकिस्तान ने सऊदी में सैनिक तैनात करने का किया ऐलान, मक्का समझौते पर बढ़ा इस्लामाबाद

इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने सऊदी अरब के साथ हुए आपसी रक्षा समझौते को अमल में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस्लामाबाद ने सऊदी अरब में अपने सैनिकों की तैनाती की घोषणा की है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर लगातार हो रहे हमलों के बीच पाकिस्तान की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे थे। हालांकि अब यह हमले काफी कम हो गए हैं। यह घोषणा इस्लामाबाद में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के एक दिन बाद की गई। इस बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और मक्का संयुक्त रक्षा समझौते को लागू करने की रणनीति पर चर्चा हुई थी।
यह भी पढ़ें: सऊदी अरब की जाजान रिफाइनरी पर हूती हमला, नेपाली कर्मचारी की मौत; कुवैत पर ड्रोन अटैक में 2 इतालवी नागरिक मारे गए
SPDC की तीसरी बैठक के बाद सैनिकों की तैनाती का फैसला
सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती का निर्णय गठबंधन की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था स्ट्रैटेजिक पॉलिटिकल एंड डिफेंस कमिटी (SPDC) की तीसरी बैठक के बाद सामने आया है। यह बैठक शुक्रवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित की गई थी। इस दौरान पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के अधिकारियों ने क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों की समीक्षा की। तीनों देशों ने सऊदी अरब पर हूती गुट की ओर से किए जा रहे लगातार हमलों की निंदा भी की। बैठक में रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने और आपसी सुरक्षा प्रतिबद्धताओं को जमीन पर लागू करने से जुड़े मुद्दों पर विचार किया गया।
5 अक्टूबर की बैठक में समझौते को लागू करने पर बनी थी सहमति
इससे पहले 5 अक्टूबर को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक आपातकालीन बैठक हुई थी। इस बैठक में मक्का संयुक्त रक्षा समझौते को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बनी थी। इसमें समझौते के तहत निर्धारित सैन्य क्षमताओं को उपलब्ध कराने और जरूरत के अनुसार उनकी तैनाती जैसे महत्वपूर्ण कदम शामिल थे। अब सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती की घोषणा को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को व्यावहारिक रूप देने की दिशा में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
ISPR ने दी पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती की जानकारी
पाकिस्तान सेना के मीडिया विभाग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने रविवार को जारी बयान में बताया कि शनिवार को सैनिकों की तैनाती को लेकर एक समारोह आयोजित किया गया था। सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर इस कदम को दोनों देशों के रक्षा समझौते के तहत पाकिस्तान की सैन्य प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। ISPR के बयान के मुताबिक, सऊदी अरब में पाकिस्तानी सैनिकों की मौजूदगी उसकी सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के प्रति इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। यह तैनाती दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रणनीतिक सहयोग और आपसी भाईचारे पर आधारित है।
क्या है मक्का संयुक्त रक्षा समझौता
मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर 7 अगस्त को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते का प्रमुख आधार सामूहिक सुरक्षा है। इसके प्रावधानों के अनुसार, यदि तीनों देशों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला होता है, तो उसे तीनों देशों के खिलाफ हमला माना जाएगा। इस व्यवस्था के तहत पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की ने एक-दूसरे की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां साझा करने की प्रतिबद्धता जताई है। हालांकि, समझौते में सुरक्षा की ठोस गारंटी होने के बावजूद सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमले बढ़ने के बाद पाकिस्तान की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे थे।




















