Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

California Earthquake: कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता का भूकंप, 40 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स; रिफाइनरी से उठा धुआं

अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता के भूकंप से लॉस एंजिलिस में दहशत फैल गई। भूकंप के बाद 40 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए। लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट के टर्मिनल-7 में शीशे टूट गए, जबकि रनवे पर उतरने जा रहे डेल्टा एयरलाइंस के विमान को लैंडिंग रद्द करनी पड़ी।
California Earthquake: कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता का भूकंप, 40 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स; रिफाइनरी से उठा धुआं
अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता के भूकंप के बाद 40 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स आए। लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर शीशे टूटे और डेल्टा एयरलाइंस के विमान की लैंडिंग रद्द करनी पड़ी।

अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह आए 5.0 तीव्रता के भूकंप से लॉस एंजिलिस और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। भूकंप के बाद 40 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स यानी छोटे झटके महसूस किए गए। इससे घरों और इमारतों की खिड़कियां हिलने लगीं, कारों के अलार्म बज उठे और लॉस एंजिलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-7 में कुछ शीशे टूट गए। भूकंप का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। रनवे पर उतरने की तैयारी कर रहे डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान को लैंडिंग रद्द करनी पड़ी। 

कहां और कितनी तीव्रता का आया भूकंप?

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र लॉस एंजिलिस के पास मैनहट्टन बीच के तट से लगभग 9.6 किलोमीटर दूर था। भूकंप की गहराई करीब 9 किलोमीटर दर्ज की गई। शुरुआती झटके के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया के कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया। इमारतों की खिड़कियां और सामान हिलने लगे। कुछ जगहों पर कारों के अलार्म अपने आप बजने लगे। अचानक आए झटकों से लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।

सुबह-सुबह कांपी धरती! नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप, बिहार समेत कई राज्यों में महसूस हुए झटके

भूकंप के बाद 40 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स

मुख्य भूकंप के बाद इलाके में लगातार छोटे झटके महसूस किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती भूकंप के लगभग दो घंटे बाद सुबह 11:41 बजे हर्मोसा बीच के पास 4.5 तीव्रता का एक और झटका आया। इसके अलावा कई छोटे आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए। आफ्टरशॉक्स को लेकर लोगों में चिंता बनी रही। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने 4.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले आफ्टरशॉक की संभावना भी जताई थी। लगातार झटकों के कारण स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।

क्या होते हैं आफ्टरशॉक्स?

जब किसी इलाके में बड़ा भूकंप आता है, तो जमीन के अंदर चट्टानों और भूगर्भीय प्लेटों में बदलाव के बाद छोटे-छोटे झटके महसूस हो सकते हैं। इन्हें आफ्टरशॉक्स कहा जाता है। ये मुख्य भूकंप के तुरंत बाद या कुछ समय तक आते रह सकते हैं। इनकी तीव्रता अलग-अलग हो सकती है।

लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर टूटे शीशे

भूकंप का असर लॉस एंजिलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर भी दिखाई दिया। एयरपोर्ट के टर्मिनल-7 में कुछ शीशे टूट गए और छत के कुछ पैनल नीचे गिर गए। इस घटना के बावजूद शुरुआती जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट पर उड़ानों का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ। इसी दौरान डेल्टा एयरलाइंस का एक विमान रनवे पर उतरने की तैयारी कर रहा था। तभी भूकंप के झटके महसूस हुए। रनवे पर संभावित दरार या नुकसान की आशंका को देखते हुए विमान के क्रू को लैंडिंग रद्द करने और हवा में बने रहने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने पहले रनवे की सुरक्षा जांचने को प्राथमिकता दी।

फायर डिपार्टमेंट ने एक्टिव किया इमरजेंसी सिस्टम

भूकंप के बाद लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट ने अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय कर दी। शहर के सभी 106 अग्निशमन केंद्रों से कर्मचारियों को इमारतों और जरूरी बुनियादी ढांचे की जांच के लिए तैनात किया गया। दूसरी ओर, मैनहट्टन बीच और हर्मोसा बीच के समुद्री तटों पर एहतियात के तौर पर कुछ पियर बंद कर दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है। एक रिफाइनरी से धुआं निकलने की भी सूचना मिली। बताया गया कि भूकंप के दौरान सुरक्षा के लिए लगाए गए ऑटोमैटिक सिस्टम सक्रिय हो गए थे। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसी संभावित खतरे को रोकना था।

पेरू में 6.7 तीव्रता का भीषण भूकंप, राजधानी लीमा तक महसूस हुए झटके; घरों से बाहर निकले लोग

कैलिफोर्निया के गवर्नर कार्यालय ने लोगों को किया अलर्ट

कैलिफोर्निया के गवर्नर के ऑफिस ऑफ इमरजेंसी सर्विसेज ने सोशल मीडिया पर बताया कि अधिकारी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर भूकंप के प्रभाव का आकलन कर रहे हैं। लोगों से आफ्टरशॉक्स के लिए तैयार रहने की अपील भी की गई। अधिकारियों ने कहा कि भूकंप की सटीक भविष्यवाणी पहले से नहीं की जा सकती। इसलिए लोगों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए। घरों में भारी सामान सुरक्षित रखना, इमरजेंसी किट तैयार रखना और भूकंप के दौरान सुरक्षित जगह पर पहुंचना जरूरी है।

2014 के बाद लॉस एंजिलिस क्षेत्र में भूकंप

लॉस एंजिलिस महानगरीय क्षेत्र में इससे पहले साल 2014 में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इस लिहाज से शनिवार को आया 5.0 तीव्रता का भूकंप पिछले करीब 12 वर्षों में इस क्षेत्र के सबसे शक्तिशाली झटकों में शामिल रहा। कैलिफोर्निया भूकंप के लिहाज से संवेदनशील इलाका है। यहां कई सक्रिय भूगर्भीय भ्रंश रेखाएं मौजूद हैं। इनकी वजह से इस क्षेत्र में समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय पर तैयारी और सुरक्षा उपायों से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts