बांधवगढ़ पहुंचे अनिल कुंबले, वन अधिकारियों और प्रशिक्षु वनरक्षकों से साझा किए सफलता के मंत्र

उमरिया। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और वन्यजीव प्रेमी पद्मश्री अनिल कुंबले इन दिनों बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के भ्रमण पर हैं। इस दौरान उन्होंने ताला स्थित इको सेंटर में वन अधिकारियों और प्रशिक्षु वनरक्षकों से मुलाकात की। खुले संवाद कार्यक्रम में उन्होंने अपने क्रिकेट करियर के अनुभव साझा किए और सफलता के मंत्र बताते हुए वनकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।
619 टेस्ट विकेट और एक पारी में 10 विकेट का रिकॉर्ड
कार्यक्रम की शुरुआत में खितौली परिक्षेत्र अधिकारी स्वस्ति श्री जैन ने अनिल कुंबले के शानदार क्रिकेट सफर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुंबले के नाम टेस्ट क्रिकेट में 619 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अलावा 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट पारी में सभी 10 विकेट लेने की ऐतिहासिक उपलब्धि भी उनके नाम है। उन्होंने 2002 में टूटे जबड़े के बावजूद मैदान पर उतरकर गेंदबाजी करने के कुंबले के साहस का भी उल्लेख किया।
बाघ संरक्षण के लिए भी जरूरी है धैर्य और निरंतर मेहनत
क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में सफलता की तरह ही बाघ संरक्षण का काम भी वर्षों के धैर्य और लगातार मेहनत का परिणाम होता है। संवाद सत्र के दौरान कुंबले ने वन अधिकारियों और प्रशिक्षु वनरक्षकों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में स्थायी सफलता एक दिन में हासिल नहीं होती। इसके लिए रोजाना ईमानदारी से काम करना, अनुशासन बनाए रखना और मुश्किल परिस्थितियों में हार न मानना जरूरी है।
वनरक्षकों के काम को बताया सराहनीय
कुंबले ने प्रशिक्षु वनरक्षकों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि दिन-रात जंगल में गश्त करना और वन्यजीवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाना बेहद सराहनीय काम है। उन्होंने वनकर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा की।




















