Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

‘भारत आगे बढ़े, हम साथ हैं’, Independence Day पर दिखी ग्लोबल दोस्ती, इन देशों ने भेजे खास संदेश

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर इजरायल, रूस, अमेरिका और सिंगापुर समेत कई देशों ने भारत को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने भारत के साथ मजबूत होते रिश्तों और रणनीतिक साझेदारी का जिक्र किया। रूस ने हिंदी में बधाई दी, अमेरिका ने रक्षा और AI सहयोग की बात की, जबकि इजरायल ने साझा प्राचीन विरासत को याद किया।
Follow on Google News
‘भारत आगे बढ़े, हम साथ हैं’, Independence Day पर दिखी ग्लोबल दोस्ती, इन देशों ने भेजे खास संदेश
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर इजरायल,रूस, अमेरिका और सिंगापुर समेत कई देशों ने भारत को शुभकामनाएं दीं।

भारत आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस खास मौके पर देश के साथ-साथ दुनिया के कई देशों से भी भारत को बधाई संदेश मिले। इजरायल, रूस, अमेरिका और सिंगापुर के नेताओं ने भारत के साथ अपने रिश्तों और साझेदारी का जिक्र करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कई देशों के नेताओं ने भारत की तरक्की की तारीफ की और आने वाले समय में रिश्तों को और मजबूत करने की बात कही।

इजरायल ने कहा- भारत की प्राचीन विरासत से जुड़ाव

भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाने का दिन है। उन्होंने भारत और इजरायल के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देश भले ही आकार में अलग हों, लेकिन उनकी प्राचीन विरासत में कई समानताएं हैं। रूवेन अजार ने भारत और इजरायल की दोस्ती पर गर्व जताया और कहा कि दोनों देश अपनी साझेदारी को आगे भी लगातार मजबूत करते रहेंगे।

Twitter Post

ये भी पढ़ें: लाल किले के समारोह में शामिल नहीं हुए राहुल गांधी, बीजेपी बोली- यह देश का अपमान

रूस के राष्ट्रपति ने दी भारत को बधाई

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि रूस और भारत की साझेदारी को आगे भी मजबूत किया जाएगा, ताकि दोनों देशों के लोगों को फायदा मिले और दुनिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा मिले।

Twitter Post

रूस ने हिंदी में दी बधाई, कहा- हमेशा भारत के साथ रहेगा

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। खास बात यह रही कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना संदेश हिंदी में लिखा। उन्होंने भारत के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश जिस विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, उसे देखकर भरोसा होता है कि भारत अपने सभी सपने पूरे करेगा। रूसी राजदूत ने आगे कहा कि प्रगति की इस राह पर भारत को भरोसा रखना चाहिए कि रूस का साथ पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा। उन्होंने अपने संदेश का अंत ‘जय हिंद, जय रूस-हिंद की दोस्ती’ के साथ किया।

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने दी बधाई

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी भारतवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं भारत में चीन के राजदूत जू फेइहोंग ने भी भारत की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर बधाई दी। वहीं नेपाल ने प्रधानमंत्री मोदी, भारत सरकार और देश की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच पुराने और गहरे रिश्ते हैं। नेपाल ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत-नेपाल के बीच दोस्ती, लोगों के आपसी संबंध और सहयोग और मजबूत होंगे।

अमेरिका ने भी दी शुभकामनाएं, कई क्षेत्रों में सहयोग का जिक्र

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच लगातार मजबूत होते रिश्तों का जिक्र किया। रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मजबूत संबंधों ने दोनों देशों की साझेदारी को आगे बढ़ाने में मदद की है। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और व्यापार जैसे कई क्षेत्रों में हो रहे सहयोग का भी उल्लेख किया। रूबियो के मुताबिक, दोनों देशों के बीच यह सहयोग न सिर्फ भारत और अमेरिका के लिए, बल्कि पूरे हिंद महासागर क्षेत्र को ज्यादा सुरक्षित और समृद्ध बनाने में मदद कर रहा है।

ये भी पढ़ें: बाबा रामदेव बोले- ऐसा न हो कि मुझे दोबारा आंदोलन करना पड़े, सरकारी नौकरियों में 90-99% घोटाले का दावा

सिंगापुर ने बताया भारत के साथ मजबूत है रणनीतिक रिश्ता

सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम ने भी भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत की राष्ट्रपति को पत्र लिखकर सिंगापुर के लोगों की तरफ से भारत और देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और सिंगापुर के बीच मजबूत और भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई गई रणनीतिक साझेदारी है। यह रिश्ता दोनों देशों के लोगों के बीच करीबी संबंधों पर भी आधारित है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग कई अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है।

बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बांग्लादेश स्थित भारतीय उच्चायोग में भी तिरंगा फहराया गया। भारतीय उच्चायोग ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बांग्लादेश में सुबह होते ही भारतीय तिरंगा लहराता है। पोस्ट में ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के ऐतिहासिक सफर का भी जिक्र किया गया। उच्चायोग ने कहा कि इस सफर को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब भारत और भूटान की है। साथ ही भारतीयों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उत्साह को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

ये भी पढ़ें: भोपाल में स्वतंत्रता दिवस की धूम, जगह-जगह फहराया तिरंगा; निगम मुख्यालय में पहली बार हुआ ध्वजारोहण

दुनिया में दिखी भारत की दोस्ती की झलक

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर आए इन संदेशों में एक बात साफ नजर आई-दुनिया के कई बड़े देशों के साथ भारत के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। इजरायल ने दोस्ती और साझा विरासत की बात की, रूस ने पुराने रिश्तों को आगे भी कायम रखने का भरोसा दिया, अमेरिका ने रणनीतिक सहयोग गिनाया और सिंगापुर ने मजबूत साझेदारी पर जोर दिया। यानी तिरंगे के साथ आज भारत में सिर्फ देशभक्ति का रंग नहीं, बल्कि दुनिया के साथ मजबूत होते रिश्तों की तस्वीर भी दिखाई दी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani
icon

Latest Posts