Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नेपाल के PM बालेन शाह 22 नवंबर को आएंगे भारत, PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय भारत दौरे पर आएंगे। पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से करेंगे मुलाकात।
नेपाल के PM बालेन शाह 22 नवंबर को आएंगे भारत, PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आएंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरे में भारत और नेपाल के बीच आपसी सहयोग, रणनीतिक संबंधों और लंबित मुद्दों पर चर्चा होगी। बालेन शाह 23 नवंबर को काठमांडू लौट जाएंगे। उनके साथ नेपाल के विदेश मंत्री और वित्त मंत्री भी भारत आएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे बालेन शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 और 23 नवंबर 2026 को भारत के राजकीय दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा में शाह के साथ नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले भी भारत आएंगे। भारत प्रवास के दौरान बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी नेपाली प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करना और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाना है। भारत की ओर से कहा गया है कि बातचीत में दोनों देशों के संबंधों के पूरे दायरे को शामिल किया जाएगा।

रणनीतिक रिश्तों और लंबित विवादों पर होगी चर्चा

बालेन शाह की इस यात्रा में भारत और नेपाल के बीच रणनीतिक संबंधों, पुनर्निर्माण सहायता और लंबे समय से लंबित विवादों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 मार्च को बालेन शाह के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था। शाह ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया था। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह बालेन शाह की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क गए थे। यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री 5 नवंबर को काठमांडू पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात भी की थी।

Breaking News

चीन ने भी दिया था भारत आने से पहले न्योता

बालेन शाह की भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दरअसल, भारत के साथ-साथ चीन ने भी नेपाली प्रधानमंत्री को अपने देश आने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, बालेन शाह ने अपनी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत यात्रा के दौरान बड़ी परियोजनाओं और पुराने विवादों से जुड़े मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं। ऐसे में नई दिल्ली इस दौरे को नेपाल की नई सरकार के साथ संबंध मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रही है।

सिर्फ दिल्ली में रुकेंगे नेपाली प्रधानमंत्री

बालेन शाह का भारत दौरा दो दिनों का होगा, लेकिन उनका दिल्ली में प्रवास 24 घंटे से कुछ अधिक समय का ही रहेगा। इस दौरान वह केवल राजधानी दिल्ली में ही रहेंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री पहले भी भारत के कई शहरों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन इस बार उनके कार्यक्रम में दिल्ली के अलावा किसी दूसरे भारतीय शहर की यात्रा शामिल नहीं है। 23 नवंबर को अपनी राजकीय यात्रा पूरी करने के बाद बालेन शाह काठमांडू लौट जाएंगे।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts