बीच पर बेचती हैं सामान, कभी क्लासरूम नहीं देखा, गोवा की इस महिला का टैलेंट देख चौंके लोग, बिना पढ़ाई के बोलती हैं शानदार इंग्लिश!

अच्छी अंग्रेजी बोलने के लिए बड़े स्कूल या महंगी क्लास की जरूरत होती है, ऐसा अक्सर माना जाता है। लेकिन गोवा की काली ने इस सोच को बदल दिया है। वह बीच पर सामान बेचकर अपना गुजारा करती हैं और कभी स्कूल भी नहीं गईं। इसके बावजूद जब वह अंग्रेजी में बात करती हैं, तो सुनने वाले देखते रह जाते हैं। इन दिनों उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक कंटेंट क्रिएटर से अंग्रेजी में बात करती दिखाई दे रही हैं। उनकी बोलने की कला और आत्मविश्वास लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
बीच पर सामान बेचती हैं काली, अंग्रेजी सुनकर चौंका शख्स
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को इरफान इंतिखाब ने बनाया है। वीडियो में वह गोवा के बीच पर काली नाम की महिला से बातचीत करते नजर आते हैं। काली यहां आने वाले लोगों को सामान बेचती हैं। बातचीत के दौरान वह बिना किसी परेशानी के अंग्रेजी में जवाब देती हैं। उनका बोलने का तरीका इतना अच्छा है कि इरफान भी उनकी तारीफ करने लगते हैं। वह कहते हैं कि काली की अंग्रेजी तो उनसे भी अच्छी है। पहली नजर में शायद ही कोई सोच पाए कि बीच पर सामान बेचने वाली यह महिला इतनी अच्छी अंग्रेजी बोल सकती है।
कभी स्कूल नहीं गईं, ऐसे सीखी अंग्रेजी
वीडियो में इरफान काली से पूछते हैं कि उन्होंने इतनी अच्छी अंग्रेजी कहां से सीखी। इस पर काली बताती हैं कि वह कभी स्कूल नहीं गईं। उन्होंने न तो किसी अंग्रेजी क्लास में पढ़ाई की और न ही किसी टीचर से भाषा सीखी। काली के मुताबिक, उन्होंने ग्राहकों से बात करके अंग्रेजी सीखना शुरू किया। गोवा में हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं। बीच पर सामान बेचने के दौरान काली को उनसे बात करने का मौका मिलता था। धीरे-धीरे उन्होंने लोगों की बातें समझना और अंग्रेजी में जवाब देना सीख लिया। रोज बातचीत करने से उनकी अंग्रेजी पहले से बेहतर होती चली गई।
ब्रिटिश से लेकर अमेरिकी अंदाज में बोलती हैं अंग्रेजी
काली की अंग्रेजी में एक और खास बात है, जो लोगों का ध्यान खींच रही है। उनका बोलने का अंदाज अलग-अलग देशों के लोगों जैसा लगता है। वीडियो में इरफान उनके ब्रिटिश अंदाज की तारीफ करते हैं। इस पर काली बताती हैं कि कई लोग उन्हें ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के लोगों जैसी अंग्रेजी बोलने वाली भी कहते हैं। बातचीत के दौरान वह 'Thank You Bro' और 'Don't Worry' जैसे शब्द बड़े आराम से बोलती हैं। उनकी बातों से साफ पता चलता है कि वह ग्राहकों से बात करते समय अंग्रेजी का खूब इस्तेमाल करती हैं।
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे तारीफ
काली का वीडियो वायरल होने के बाद लोग उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि बिना स्कूल गए उन्होंने इतनी अच्छी अंग्रेजी सीख ली। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि काली की अंग्रेजी तो उनकी इंग्लिश टीचर से भी अच्छी है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि गोवा में विदेशी पर्यटकों के आने से स्थानीय लोगों को अंग्रेजी सीखने का मौका मिलता है। काली की कहानी बताती है कि किसी भी भाषा को सीखने के लिए सिर्फ स्कूल जाना जरूरी नहीं है। अगर इंसान रोज कोशिश करे और लोगों से बात करने में झिझक न रखे, तो वह अपने अनुभव से भी बहुत कुछ सीख सकता है।




















