Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हैदराबाद में 7 मंजिला अवैध इमारत भरभराकर गिरी, 2 की मौत; मलबे में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हैदराबाद के मधापुर के अंजैया नगर में शनिवार को 60 वर्ग गज के प्लॉट पर बनी 7 मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। NDRF, पुलिस और HYDRA की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। प्रशासन के मुताबिक इमारत कथित तौर पर नाले पर बिना अनुमति बनाई जा रही थी।
Follow on Google News
हैदराबाद में 7 मंजिला अवैध इमारत भरभराकर गिरी, 2 की मौत; मलबे में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हैदराबाद में 7 मंजिला अवैध इमारत भरभराकर गिरी

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मधापुर स्थित अंजैया नगर इलाके में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। करीब 60 वर्ग गज के छोटे से प्लॉट पर बनाई जा रही 7 मंजिला यानी 7+1 मंजिल की एक निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पड़ोस की इमारत में मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक के ऊपर एक गिरीं सभी मंजिलों की छतें

घटना की सूचना मिलते ही साइबराबाद पुलिस, NDRF की 10वीं बटालियन और HYDRA की टीमें मौके पर पहुंच गईं। NDRF के डिप्टी कमांडेंट दामोदर सिंह के मुताबिक, कमजोर और निर्माणाधीन ढांचा ढहने के बाद पड़ोस की इमारत पर जा गिरा। इमारत की पहली से सातवीं मंजिल तक की छतें एक के ऊपर एक नीचे आ गिरीं, जिससे मलबे का बड़ा ढेर बन गया।

X Post

स्निफर डॉग और कैमरों से सर्च ऑपरेशन

रेस्क्यू टीम मलबे में किसी और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके लिए स्निफर डॉग्स और आधुनिक कैमरों की मदद ली जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव दल का पूरा ध्यान मलबा हटाने और किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की संभावना को खत्म करने पर है।

Breaking News

नाले पर बिना अनुमति बन रही थी इमारत

HYDRA के कमिश्नर ए.वी. रंगनाथ ने बताया कि यह इमारत कथित तौर पर एक नाले पर बिना प्रशासनिक अनुमति और जरूरी मंजूरी के बनाई जा रही थी। कमिश्नर ने बिल्डर साजिद का भी जिक्र किया और बताया कि उस पर ऐसी कई अन्य अनधिकृत इमारतें बनाने की बात सामने आई है। प्रशासन अब उसकी ओर से बनाई गई अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रहा है।

अवैध इमारतों पर होगी कार्रवाई

कमिश्नर ए.वी. रंगनाथ ने कहा कि नाले या बिना अनुमति के बनाए गए ऐसे अवैध ढांचों की पहचान की जाएगी और उन्हें ध्वस्त किया जाएगा। हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। फिलहाल घटनास्थल पर मलबा हटाने और राहत-बचाव का काम तेजी से जारी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts